दिल्ली में 6 वर्षीय छात्रा से टॉयलेट में रेप, इलाज के दौरान होगी सर्जरी
8 सितंबर को गुरुग्राम के रायन स्कूल में हुई प्रद्युम्न की हत्या के बाद उठी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा की चिंता दिल्ली की एक हालिया घटना से और बढ़ गई है।
बता दें कि दक्षिण दिल्ली के एक प्राइवेट स्कूल में बुधवार को एक स्कूल कर्मचारी ने बाथरूम में 6 वर्षीय छात्रा का रेप किया। पुलिस ने आरोपी हाउस कीपिंग स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने तीन माह पहले ही स्कूल में काम करना शुरू किया है।
बच्ची के पिता के अनुसार बुधवार को 6 वर्षीय छात्रा स्कूल के गर्ल्स वाशरूम में गई। उस वक्त उसके साथ कोई महिलाकर्मी होनी चाहिए थी लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थी। उसे किसी काम के लिए नीचे भेज दिया गया था।
Delhi: Class I student allegedly molested by school staff at Sant Nirankari Public School in Malviya Nagar; Accused sent to judicial custody pic.twitter.com/FyBpl2cP7u
— ANI (@ANI) October 5, 2017
जब महिलाकर्मी को दी आवाज तो वाशरूम में घुसा आरोपी
पिता ने आगे बताया कि, बच्ची ने वाशरूम इस्तेमाल करने के बाद उस महिलाकर्मी को आवाज दी तो आरोपी वाशरूम में घुस गया और बच्ची का शोषण किया। बच्ची चिल्लाई और अपनी क्लास की ओर भाग गई।
जब बच्ची घर लौटी तो उसने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि इसके बाद बच्ची को एम्स ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने रेप की पुष्टि की है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
एम्स के डॉक्टरों ने बच्ची के अभिभावकों को बताया है कि उसके अंदरूनी घावों को भरने के लिए उसकी सर्जरी करनी होगी। बच्ची के पिता का कहना है कि वह सदमे में हैं और उनके पास कहने को कुछ नहीं है। हम अपने बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए भेजते हैं ना कि ऐसे हैवानों का शिकार होने के लिए।