डांस इंडिया डांस में हिस्सा लेने वाला अदनान हुआ इस अपराध में गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डांसिंग 2014 में मिस्टर उत्तराखंड रहे अदनान खान को पुलिस ने द्वारका के डॉमिनोज पिज्जा स्टोर में लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में उसके एक सहयोगी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
इन पर हथियार के बल पर स्टोर से साढ़े तीन लाख की लूट का आरोप है। पकड़ा गया आरोपी टीवी में प्रसारित होने वाले शो डांस इंडिया डांस, झलक दिखला जा और नच बलिये में भी हिस्सा ले चुका है।
आरोपी ने बताया कि डांस में कैरियर बनाने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। जिला पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर को द्वारका के सेक्टर-12 स्थित डॉमिनोज पिज्जा के मैनेजर अमित यादव ने लूटपाट की शिकायत की थी।
सने बताया कि तड़के साढ़े तीन बजे कुछ युवक पिज्जा स्टोर में घुसे और चाकू की नोंक पर साढ़े तीन लाख की लूटपाट की। मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी और बदमाशों से पूछताछ के आधार पर राम नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया।
उसने पूछताछ में बताया कि चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। इसमें से एक क्लब का डांसर है। उसका पिछला कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है।
पुलिस ने उसके बताए हुलिए के आधार पर 22 जनवरी को द्वारका मोड़ के पास से अदनान खान उर्फ आदी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में लूटपाट की बात स्वीकार कर ली।
डांस में कैरियर बनाने के लिए की वारदात
पूछताछ में अदनान ने बताया कि वह मूलत: उत्तम नगर जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पिता कार मैकेनिक हैं। उसे बचपन से डांस का शौक था।
दसवीं तक पढ़ाई करने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी और डांस में कैरियर बनाने के लिए डांस कोचिंग लेने लगा। शुरूआत के दिनों में वह सामाजिक समारोह और भीड़भाड़ वाले जगहों पर डांस करता था। साथ ही उसने यू-ट्यूब पर भी डांस शो पेश करने लगा।
डांस इंडिया डांस, झलक दिखला जा में ले चुका है हिस्सा
विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित होने वाले डांस प्रतियोगिताओं डांस इंडिया डांस, झलक दिखला जा और नच बलिये में हिस्सा लिया।
हालांकि, किसी भी डांस प्रतियोगिता को जीत नहीं पाया। कई डांस शो में भाग लेने पर उसे देश के कई जगहों पर होने वाले डांस प्रतियोगिता से बुलावा आने लगा।
2014 में डांस प्रतियोगिता में मिस्टर उत्तराखंड बना
वर्ष 2014 में वह उत्तराखंड में हुए डांस प्रतियोगिता में उसे मिस्टर उत्तराखंड चुना गया। नाम और शोहरत की वजह से वह लड़कियों में लोकप्रिय था। रुपये कमाने के लिए वह दिल्ली के क्लब और रेस्टोरेंट में डांस करने लगा।
फिल्मों का भी मिला ऑफर
पेशेवर डांस से उसे आमदनी नहीं हो रही थी। उसे एक फिल्म में भी काम करने का ऑफर मिला। लेकिन रुपये की कमी की वजह से वह काम नहीं कर पाया।
इसी दौरान उसकी मुलाकात राम नाम के बदमाश से हुई। उसने उसे बताया कि लूटपाट करने से काफी पैसे मिल जाएंगे। उसके बाद उसने डॉमिनोज पिज्जा स्टोर में लूटपाट को अंजाम दिया। राम की गिरफ्तारी के बाद से वह घर से फरार हो गया और दिल्ली से बाहर कई जगहों पर छुपता रहा।