बच्ची को पीटने का विरोध करने पर दंपति को उतारा मौत के घाट, मासूम भी गंभीर
फरीदाबाद सेक्टर-59 लोहामंडी मेें बच्चे को पीटने का उलाहना देने गए दंपति की युवक ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। 11 साल की बच्ची को भी मरणासन्न कर हमलावर भाग निकला। सेक्टर-55 थाने की पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुटी है।
सेक्टर 59 स्थित लोहामंडी में कुछ खाली पड़ी दुकानों में कूड़ा बीनने वाले परिवार रहते हैं। इनमें मिट्ठू (30) पत्नी सरिता और तीन बच्चों के साथ रहता है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे पास ही रहने वाले अंशु ने मिट्ठू की बेटी परमिता (11) को किसी बात पर पीट दिया।
रोते हुए घर पहुंची बच्ची ने घर जाकर मां से शिकायत की। इस पर सरिता अंशु को उलाहना देने पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक अंशु ने सरिता को चोटी पकड़ कर घुमाया और जमीन पर पटक कर पिटाई कर दी। सरिता अपमानित होकर घर लौट आई।
मिट्ठू ने सरिता से अंशु से हिसाब-किताब चुकाने की बात कही
शाम करीब साढ़े सात बजे मिट्ठू घर पहुंचा तो सरिता ने आपबीती बताई। गुस्से में आए मिट्ठू ने सरिता से अंशु के घर चल कर हिसाब-किताब चुकाने की बात कही। अंशु अपनी झुग्गी में पहले से ही चाकू लेकर बैठा था।
पहले सरिता उसकी झुग्गी में दाखिल हुई, अंशु ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मदद को चिल्लाती हुई सरिता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी, तुरंत ही मिट्ठू अंदर घुसा तो अंशु ने चाकू से सात-आठ वार कर दिए। मां बाप को तड़पता देख परमिता चिल्लाई तो अंशु ने उसको भी चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और भाग गया।
जब तक लोग मदद को पहुंचते दंपति की मौत हो चुकी थीं। परमिता को बीके सिविल अस्पताल से सफदरजंग दिल्ली रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर 55 थाना प्रभारी प्रीतपाल सांगवान, क्राइम ब्रांच की टीमें पहुंचीं। एसीपी क्राइम राजेश चेची ने बताया कि मिट्ठूू मूल रूप से झारखंड के कोडरमा जिले का रहने वाला था।