गार्ड की हत्याकर CNG पंप लूटने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के सेक्टर-51 के सीएनजी पंप को लूटने आए बदमाशों ने नाकाम रहने पर गार्ड की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी और उसकी रायफल लूटकर ले गए। इस दौरान गार्ड के साथ कमरे में मौजूद एक बच्चे के हाथ-पांव बांधकर बाहर फेंक दिया।
बदमाशों ने पंप में रखी तिजोरी काटने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। घटना से दो माह पूर्व भी बदमाश इसी पंप पर गार्डों से मारपीट कर लूटपाट का प्रयास कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से एटा निवासी प्रेम सिंह सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में अपने भाई के साथ रहता है। वह सेक्टर-51 स्थित सीएनजी पंप पर गार्ड के रूप में तैनात था। रविवार को उसकी नाइट ड्यूटी थी। सीएनजी पंप के एक कमरे में वह करीब 12 साल के किशोर शाहरुख के साथ मौजूद था।
हाथ-पैर बांधकर बाहर फेंका
सुबह छह बजे ड्यूटी बदलने के समय पंप पर जब दूसरा गार्ड आया तो शाहरुख पंप के पास रोड के डिवाइडर के बीच में मिला। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। वहीं, पंप के कमरे में गार्ड का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद गार्ड ने पंप मालिक को सूचना दी।
पंप मालिक की सूचना पर पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-49 पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि रात में तीन से चार बदमाश पंप लूटने के इरादे से आए थे। अंदर घुसकर पहले बदमाशों ने गार्ड से मारपीट की और उसके बाद ईंट से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
वहीं, किशोर के हाथ-पैर बांधकर बाहर फेंक दिया। उन्होंने तिजोरी काटने की भी कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। रविवार को छु्ट्टी का दिन होने के कारण तिजोरी भरी हुई थी।
सीओ तृतीय, राजकुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पंप मालिक कर्नल महेंद्र प्रताप सिंह ने लूट व गार्ड की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
एक बजे के बाद सीसीटीवी का रिकॉर्ड नहीं
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने सीसीटीवी फुटेज दिखा रहा मॉनीटर तोड़ दिया था। वहीं, कैमरे और डीवीआर को भी नुकसान पहुंचाया था। सीओ के अनुसार पंप पर लगे सीसीटीवी में रात एक बजे के बाद की फुटेज नहीं मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश लगभग इसी आए होंगे।
परिजनों ने सीएनजी पंप पर की तोड़फोड़
सीएनजी पंप पर हुई गार्ड की हत्या के विरोध में परिजनों ने सोमवार शाम को पंप पर जमकर तोड़फोड़ की। दोनों ओर से हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंप फिलहाल बंद कर दिया गया है और वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक बदमाशों को यह पता था कि वारदात के समय तिजोरी में लाखों का कैश था।
रविवार देर रात पंप पर गार्ड प्रेम सिंह (37) की हत्या की जानकारी जैसे ही उनके एटा में परिजनों को लगी तो वहां से कई लोग नोएडा आ गए। उन्होंने शाम को पंप पर जाकर आरोप लगाया कि रात में रखवाली के लिए सिर्फ एक ही गार्ड को रखा गया, जबकि एक गनमैन के साथ में कम से कम एक व्यक्ति और सुरक्षा के लिए होना चाहिए।
जानबूझ कर चुना छुट्टी का दिन
परिजनों ने हत्या के लिए पंप प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने पंप पर हंगामा कर दिया उसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान नाराज परिजनों ने शीशा और दरवाजा भी तोड़ दिया। फिलहाल पंप बंद कर दिया गया है और वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।
जानकारों के मुताबिक बदमाशों को इस बात की जानकारी थी कि शनिवार को दोपहर के बाद बैंक बंद हो जाते हैं और रविवार को भी छुट्टी रहती है। इसलिए पंप पर तिजोरी में लाखों रुपये पड़े हुए थे। बदमाशों ने आते ही सबसे पहले गार्ड को काबू किया और ईंट से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
बदमाशों को सीसीटीवी कैमरों के बारे में भी जानकारी थी, इसलिए उन्होंने सबसे पहले कैमरों को ही तोड़ा। तिजोरी को तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन मजबूती के चलते वह उसे तोड़ नहीं पाए। बताया जा रहा है कि उनके पास हथियार भी थे लेकिन उन्होंने घिरने के डर से फायरिंग नहीं की।
यह भी बताया जा रहा है कि चूंकि रात एक बजे के बाद पुलिस की गश्त कम हो जाती है और सड़कें भी सूनी हो जाती हैं, इसलिए बदमाशों ने वारदात के लिए वह समय चुना।