जाति सूचक शब्द का गाने में प्रयोग करने पर हरियाणवी डांसर सपना के खिलाफ जांच शुरु
हरियाणवी रागिनी गायिका और डांसर सपना शर्मा उर्फ सपना चौधरी के गाने में जाति सूचक शब्द का मामला गहराता जा रहा है। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
निगाहें (एक नया बदलाव) सामाजिक संगठन के अध्यक्ष सतपाल तंवर ने डांसर सपना, मोर म्यूजिक कंपनी नजफगढ़ के मालिक राजेश मोर, गायक नरदेव, मनोज चौधरी, गायिका राधा, मूल रागिनी के लेखक जगदीश चन्द्र वत्स और इनकी पूरी गायन मण्डली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है।
सेक्टर 29 पुलिस ने वीरवार को सपना के द्वारा गाई गयी रागिनी को खंगाला और आयोजकों के बयान लिए हैं। मालूम चला है कि सपना ने यह रागिनी गांव चक्करपुर में गाई थी। चक्करपुर के प्रवीण यादव ने अपने पुत्र कार्तिक के जन्म दिवस पर रागिनी कार्यक्रम का आयोजन किया था।
सपना के खिलाफ लगे ये गंभीर आरोप
जिसमें सपना और उसके साथियों पर रागिनी में जातिसूचक शब्द गाने, राष्ट्रीय एकता को आघात पहुंचाने, जातियों-धर्मों के बीच शत्रुता उत्पन्न करने, शांति भंग करने, नशे में रागिनी गाकर लोगों को शर्मिंदा करने, जातीय और धार्मिक सौहार्द बिगाडने और देशद्रोह जैसे गम्भीर आरोप हैं।
चक्करपुर गांव के प्रवीण यादव ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के जन्म दिवस पर सपना को बुलवाया था लेकिन उन्हें ये नहीं मालूम था कि वह अनुसूचित जातियों सहित सभी पिछड़े वर्ग को अपमानित करेगी। प्रवीण ने कहा कि हम पुलिस और नवाब सतपाल तंवर का सहयोग करेंगे। सपना को उसके किये की सजा मिलनी चाहिए।
इस बीच प्रजापत समाज, सैनी समाज आदि लोगों ने भी सपना की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और निगाहें टीम को अपना समर्थन दिया है। सेक्टर 29 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस की एक टीम विशेष जांच कर रही है। यह कन्फर्म हो गया है कि उसने इस रागिनी को चक्करपुर गांव में ही गया था। पुलिस जल्द ही सपना और उनके साथियों पर सख्त कार्यवाही करेगी।