नौकरी मांगने गई थी युवती, इंटरव्यू में मोटी तनख्वाह के लिए रखी घिनौनी शर्त
कार शोरूम में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने पहुंची 21 वर्षीय युवती को प्रबंधक ने टॉपलेस होने पर मोटी तनख्वाह का ऑफर किया। सकपकाई युवती के साथ प्रबंधक ने शारीरिक छेडख़ानी भी की।
किसी तरह बाहर निकली युवती रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। आरोप यह भी है कि प्रबंधक के साथी उसकी पहुंच सीएम तक होने की धमकी दे पीड़ित परिवार पर दबाव डाल रहे हैं।
महिला थाने पहुंची पीड़िता ने शिकायत दी है। बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने हाल ही में ग्रेजुएशन पूरा किया है। उसने नौकरी के लिए कई प्लेसमेंट एजेंसियों में रिज्यूम दिया हुआ था।
बृहस्पतिवार को उसे नीलम चौक स्थित एक कार के शोरूम में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। युवती के मुताबिक दोपहर दो बजे वह शोरूम के थर्ड फ्लोर स्थित एचआर विभाग में पहुंची।
युवती से अश्लील बातें करने के बाद की छेड़खानी
वहां खुद को मैनेजर बताने वाला एक युवक और लंबे बाल वाला व्यक्ति मौजूद था। प्रबंधक ने शुरू के पांच मिनट तो उससे शिक्षा आदि औपचारिक सवाल करता रहा।
आरोप है कि इसके बाद प्रबंधक ने युवती से कहा कि वह टॉपलेस होकर दिखाए तो उसे 30 हजार रुपये तनख्वाह दिला देगा। मांग सुनकर युवती हक्का बक्का रह गई।
इसके बाद उसने ने युवती से और भी अश्लील बातें कीं। बदतमीजी पर उतरे प्रबंधक से बचकर युवती रोते हुए घर पहुंची। परिजन उसे लेकर एनआईटी थाने पहुंचे। युवती के मुताबिक वहां लंबे बाल वाला व्यक्ति एसएचओ के कमरे में बैठा मिला।
आरोप है कि लंबे बाल वाले युवक ने धमकी दी कि प्रबंधक की पहुंची सीएम तक है उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा लेकिन युवती बदनाम हो जाएगी और कोई कार्रवाई न करने का दबाव डाला।
एनआईटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने पीड़िता को शिकायत दर्ज कराने के लिए महिला थाने भिजवा दिया। एनआईटी थाने के एएसआई संदीप ने बताया कि महिला थाने में प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।