गैंगरेप के बाद युवती को अस्पताल में फेंक भागे!
दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले के जैतपुर इलाके में तीन युवक एक युवती को प्राइवेट अस्पताल के गेट पर फेंककर भाग गए। इसके बाद युवती को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और बुधवार शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारी चलती कार में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मेडिकल जांच नहीं हुई है। होश आने पर युवती की मेडिकल जांच करवाई जाएगी। पुलिस के अनुसार जैतपुर में पीएचडी मेडिकल सेंटर है। युवती यहीं बेसुध हालत में मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, हुई है बड़ी वारदात
जैतपुर के पएचडी मेडिकल सेंटर पर सोमवार की रात तीन युवक कार से एक युवती को बेहोशी की हालत में लाए और उसे मेडिकल सेंटर के गेट पर फेंककर फरार हो गए। सेंटर के डॉक्टर युवती को देखकर घबरा गए।
युवती के सिर में चोट लगी हुई थी और सिर से खून बह रहा था। सेंटर के डॉक्टर ने इसकी सूचना 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने युवती को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया। आईसीयू में भर्ती युवती की दो दिन बाद भी होश नहीं आया है।
पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि आरोपियों ने उसे कहीं से अगवा किया है। उसके साथ मारपीट की गई है। ये भी माना जा रहा है कि युवती के साथ गैंगेरप किया गया है। युवती के पास से पहचान की कोई चीज नहीं मिली है। पुलिस ने इसकी सूचना आसपास के थानों को दे दी है।