कलेक्शन एजेंट से 11.64 लाख लूटने वाले दो दबोचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में कलेक्शन एजेंट की बाइक में टक्कर मार दिनदहाड़े जीआईपी मॉल के पास 11.64 लाख रुपये लूटने वाले दो बदमाशों को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस को लूट में इस्तेमाल बाइक व 1.20 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस दो बदमाशों की तलाश कर रही है। लूट में शामिल बदमाशों के खिलाफ दिल्ली में लूट कई मामले दर्ज हैं। मास्टर माइंड दिल्ली के मालवीय नगर और संगम विहार थाने से भी वांछित है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान संगम विहार दिल्ली निवासी अनूप और अंबेडकरनगर दिल्ली निवासी कालू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मंगलवार सुबह चेकिंग के दौरान सेक्टर-38ए जीआईपी मॉल के पास से गिरफ्तार किया है।
दोनों उस वक्त बाइक पर सवार हो वारदात करने के लिए घूम रहे थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दो जून को जीआईपी मॉल के पास कलेक्शन एजेंट प्रेम कुमार से 11,64,554 रुपये लूटने की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका सरगना आशु उर्फ आस मोहम्मद है। उसने वारदात में अपने एक दोस्त को भी शामिल किया था। दिल्ली पुलिस भी आशु को तलाश रही है।
गुरुग्राम के कलेक्शन एजेंट प्रेम कुमार से नकदी लूटी थी
थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शाही ने बताया कि आरोपियों ने दो जून को राइटर्स सेफगार्ड प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम के कलेक्शन एजेंट प्रेम कुमार से नकदी लूटी थी। प्रेम कुमार बाइक से कंपनी के पीएसओ होशियार सिंह के साथ मौजूद था।
संगम विहार निवासी प्रेम कुमार उस दिन सेक्टर-18 स्थित मॉल ऑफ इंडिया के छह शोरूम, सेक्टर-18 के एक ज्वैलर्स, सेक्टर-32 के लॉजिक्स मॉल, जीआईपी मॉल और गार्डन गैलेरिया मॉल से कलेक्शन कर निकला था।
गार्डन गैलेरिया मॉल से निकलकर कलेक्शन एजेंट जैसी ही नाले के पास पहुंचा एक वैगनआर कार ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट से रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट पर पिस्टल तान दी थी।
कई दिनों से कर रहे थे रेकी
पुलिस के अनुसार, आशु ने बाकी सदस्यों को प्रेम कुमार को लूटने के लिए सूचना दी थी। आशु की गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि उसे प्रेम कुमार के बारे में किसने जानकारी दी थी। आशु की सूचना पर आरोपी सात-आठ दिन से प्रेम कुमार की रैकी कर रहे थे। दो-तीन दिन पहले भी बदमाशों ने जीआईपी मॉल के पास प्रेम कुमार को लूटने का प्रयास किया था। उस दिन चारों बदमाश दो बाइक से थे। इस वजह से वह प्रेम कुमार को रोक नहीं सके। घटना वाले दिन आशु अपनी कार लेकर आया और टक्कर मारकर वारदात को अंजाम दिया।
दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड से हुई पहचान
लूट के बाद बदमाशों की धरपकड़ के लिए नोएडा पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया गया। दिल्ली पुलिस ने अपने यहां के बदमाशों का रिकॉर्ड (डॉजियर) दिया। प्रेम कुमार ने डॉजियर में से दो बदमाशों की फोटो देखकर पहचान कर ली थी।