गाजियाबाद : कोरोना के दो नए मरीजों के साथ संख्या हुई पांच, संपर्क में आए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा
- दो एमएमजी व एक दिल्ली में भर्ती, दो हो चुके हैं स्वस्थ
- डासना के बजाए मुरादनगर सीएचसी को बनाया जाएगा आइसोलेशन सेंटर
- तकनीकी दिक्कतों के कारण डासना सीएचसी को किया गया निरस्त
- 94 लोगों की स्कैनिंग के बाद भेजा गया उत्तराखंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद में दो नए मरीजों के साथ कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या पांच हो गई है। दोनों ही मरीज जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती हैं। इसमें एक मरीज दुबई से लौटा था, जबकि दूसरा मरीज नोएडा में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया था। दोनों ही मरीजों के संपर्क में आए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही उनके सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं। दुबई से लौटने वाले मरीज के वैशाली स्थित घर पर तीन लोगों को वहीं शालीमार गार्डन के दूसरे मरीज से जुड़े चार मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
पहले से पॉजिटिव कार्डियक सर्जन का इलाज दिल्ली के सफदरजंग में चल रहा है। उन्होंने टेलीफोन पर बातचीत में बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य में सुधार हो चुका है। सिर्फ गाइड लाइन के अनुसार समय पूरा करना है। फ्रांस से वापस आने के बाद आइसोलेशन में रहने का फायदा हुआ कि ढाई साल की बेटी व पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे लोगों को मेरी सलाह है कि वो अपने आप को आइसोलेशन में रखे और समय पर जांच कराएं। पहले दो मरीज पिता-पुत्र इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
बृहस्पतिवार को छह नए संदिग्ध भर्ती किए जा चुके हैं। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि अब तक 102 सैंपल भेजे जा चुके हैं। इसमें से 87 निगेटिव आए हैं। इस बीच 852 लोग को होम क्वारंटीन किया गया है। इसमें इंदिरापुरम में रहने वाला एक परिवार भी शामिल है।
डासना के बजाए मुरादनगर में बनेगा आइसोलेशन सेंटर
अब कोरोना संदिग्धों के लिए डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बजाए मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आइसोलेशन सेंटर बनाया जाएगा। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि डासना सीएचसी पर तकनीकी समस्या आ रही थी। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि अगर कोई संदिग्ध आइसोलेशन में भर्ती होने में लापरवाही बरतेगा तो उसे पुलिस सुंदरदीप कॉलेज में बने क्वारंटीन में भर्ती कराएगी।
6 नए संदिग्ध मरीज हुए भर्ती
जिला एमएमजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को चार नए संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें इंडोनेशिया और अफ्रीका की ट्रेवल हिस्ट्री वाले दो लोगों के अलावा एक युवती मुंबई आईटीआई से और न्यायखंड में रहने वाली एक महिला को डीएम के निर्देश पर भर्ती किया गया है। इसके अलावा कंबाइंड अस्पताल में दो नए मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें एक 23 मार्च को चीन से लौटकर आया है और दूसरा 11 मार्च के बैंकाक से लौटकर आया था। दोनों को बुखार होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी 6 मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। देर शाम तक किसी मरीज की रिपोर्ट नहीं आई थी।
तीस में से बीस बेड संदिग्धों एवं दस बेड स्टाफ के लिए
सीएमओ ने बताया कि सामुदायिक केंद्र पर तीस बेड की व्यव्स्था है। बीस बेड संदिग्धों के भर्ती के लिए बनाया जाएगा, जबकि दस बेड इलाज करने वाले स्टाफ के लिए रिजर्व रखा जाएगा। कोरोना का इलाज करने वाले स्टाफ को भी संभावित संक्रमण से बचाने के लिए परिवार से अलग रखा जाएगा।
94 लोगों को भेजा गया उत्तराखंड
दिल्ली में फंसे उत्तराखंड के 94 लोगों की बृहस्पतिवार को गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ स्कैनिंग करके उन्हें रवाना किया। सीएमओ ने बताया कि डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दिल्ली पहुंची थी। स्कैनिंग के दौरान किसी में भी कोई लक्षण नहीं पाए गए।
सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर गाजीपुर स्थित रैन बसेरा में विभिन्न स्थानों से आए उत्तराखंड के 94 नागरिक ठहरे हुए थे, जिन्हें अपने घर जाना था। इस संबंध में शासन स्तर से गाजियाबाद प्रशासन को निर्देशित किया गया था। डीएम के निर्देश पर वह खुद स्वास्थ्य विभाग की टीम को लेकर पहुंचे थे। जहां सभी लोगों की स्कैनिंग की गई। स्कैनिंग के दौरान किसी में भी कोरोना संबंधी कोई लक्षण नहीं मिले। जिसके बाद उन्हें विशेष बसों के जरिए उत्तराखंड के लिए रवाना कर दिया गया।
- विदेश से यात्रा करके वापस आने वाले लोग - 1155
- 28 दिन का क्वारंटीन पूरा कर चुके - 303
- होम क्वारंटीन - 852
- कोरोना जांच के लिए लिए गए सैंपल - 102
- निगेटिव रिपोर्ट - 87
- रिपोर्ट का इंतजार - 10
- जिले में वर्तमान में कुल पॉजिटिव - 5
- इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके - 2
- जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीज - 9 जिसमें दो पॉजिटिव
- जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती संदिग्ध मरीज - दो