गाजियाबाद में कोरोना: 24 घंटे में मिले 893 मरीज, तीन से 12 साल के 52 बच्चे भी संक्रमित, 10.18 फीसदी हुई संक्रमण दर
कोरोना संक्रमण तेजी पकड़ रहा है। हर 100 लोगों की जांच में 10 में संक्रमण की पुष्टि हो रही है। वर्तमान में 16 मरीज अलग-अलग अस्पताल में भर्ती हैं। संक्रमण दर 10.18 फीसदी हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण तेजी पकड़ रहा है। स्थिति यह है कि अब हर 100 लोगों की जांच में 10 में संक्रमण की पुष्टि हो रही है। 24 घंटे में 8774 लोगों की जांच की गई, उसमें 893 लोग संक्रमित मिले। इनमें तीन से 12 साल के 52 बच्चे भी हैं। शासन से जारी सूची में 922 मरीज बताए गए हैं। इस समय सक्रिय मरीज 3268 हैं। वर्तमान में 16 मरीज अलग-अलग अस्पताल में भर्ती हैं। संक्रमण दर 10.18 फीसदी हो गई है। एक जनवरी को 0.14 फीसदी थी। 24 घंटे में 53 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। अब तक कुल 59148 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 55390 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
बढ़ती जा रही संक्रमण दर
- तारीख - संक्रमित - संक्रमण दर
- 09 जनवरी 893 10.18
- 08 जनवरी 683 7.59
- 07 जनवरी 609 4.36
- 06 जनवरी 360 3.64
- 05 जनवरी 255 2.94
- 04 जनवरी 182 2.56
- 03 जनवरी 135 1.89
- 02 जनवरी 88 1.65
- 01 जनवरी 81 0.14
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि अगर किसी भी संक्रमित को लगातार तीन दिन तक बुखार नहीं आता है और उसमें कोई लक्षण नहीं है तो उसका 7वें दिन होम आइसोलेशन पूरा माना जाएगा। अगले सात दिन तक हर समय मास्क लगाना पड़ेगा। यह गाइडलाइन शासन ने जारी की है। नई गाइडलाइन में मरीजों को नौ दिन की जगह सात दिनों में डिस्चार्ज किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा जाना है और कंट्रोल रूम के जरिये उनकी लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिस भी संक्रमित में हल्के लक्ष्ण होंगे या जिनके घर में होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं होगी, उन्हें अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। तीन दिन बुखार नहीं आने पर सातवें दिन डिस्चार्ज किया जाएगा। दोनों ही मामलों में दोबारा से कोरोना जांच की जरूरत नहीं होगी। गंभीर लक्षण वाले और पोस्ट कोविड की स्थिति में मरीजों को कोविड लेवल-2 और एल-3 अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।
गंभीर मरीजों को तभी तक आईसीयू या वेंटिलेटर पर रखा जाएगा, जब उन्हें इसकी जरूरत है। स्थिति में सुधार होने पर मरीज को सामान्य वार्ड में ऑक्सीजन वाले बेड पर रखा जाएगा। ऐसे मरीजों की 7वें दिन दोबारा जांच होगी। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो वह नए मरीज में गिने जाएंगे। अगर मरीज का ऑक्सीजन लेवल सामान्य स्थिति में 94 से ज्यादा होगा तो उसे 10वें दिन डिस्चार्ज किया जा सकता है।