ज्यादा किराया वसूलें टैक्सी चालक तो इस नंबर पर करें शिकायत
सम-विषम खत्म होते ही एप बेस्ड टैक्सी सेवाएं देने वाली कंपनी ओला व उबर ने रविवार से फिर सर्ज चार्ज लगाना शुरू कर दिया। इसकी शिकायत मिलते ही दिल्ली सरकार भी हरकत में आ गई।
केजरीवाल ने रविवार रात को ट्वीट करके कार्रवाई करने की बात कही तो सुबह परिवहन मंत्री गोपाल राय ने सर्ज चार्ज लेने वाले टैक्सी की शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 42400400 जारी कर दिया। परिवहन मंत्री ने कहा कि सभी शिकायतों पर सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
परिवहन विभाग के मुताबिक, अभी तक सर्ज चार्ज लेने की चार शिकायतें मिली हैं। उन टैक्सी परमिट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सूत्रों की माने तो हेल्पलाइन नंबर पर सुबह से 250 से ज्यादा कॉल सर्ज चार्ज को लेकर मिल चुकी है।
मगर शिकायत करने वाले टैक्सियों का नंबर उपलब्ध नहीं करा पाए, जिसके कारण उनके खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं की गई। परिवहन विभाग ने कहा कि यह हेल्पलाइन नंबर ओपन रहेगा। शिकायत करने वालों को उस टैक्सी का नंबर भी देना होगा।
क्या है सर्ज चार्ज
बाजार में डिमांड के आधार पर दाम बढ़ा दिया जाता है तो उसे सर्ज चार्ज कहते हैं। पहले सम-विषम में जब ओला व उबर की बुकिंग बढ़ी तो टैक्सी की डिमांड बढ़ गई। वह जिस गाड़ी का 6 रुपये प्रति किलोमीटर लेते थे, उसका 10 रुपये लेने लगे और बेस प्राइस भी बढ़ा दिया।
सरकार के सख्ती के बाद उन्होंने उसे वापस ले लिया। फिर फिक्स रेट पर चलाया। अब रविवार से फिर से उबर को लेकर इस तरह की शिकायतें मिलनी शुरू हो गई है।
पीक ऑवर्स में डिमांड बढ़ते ही टैक्सी दरों का रेट बढ़ा देते हैं, जबकि सरकार का कहना है कि दिल्ली में जो भी टैक्सी परमिट है। सबका रेट फिक्स है। उससे ज्यादा रेट लेने पर उसका परमिट रद्द हो सकता है।