AAP vs LG: उपराज्यपाल वीके सक्सेना का सीएम केजरीवाल पर वार, बोले- हताशा में मुझ पर लगा रहे भ्रष्टाचार का आरोप
आने वाले कुछ दिनों में वो मुझ पर और मेरे पर अगर कुछ और आधारहीन आरोप लगाते हैं तो मुझे इस पर हैरानी नहीं होगी। लेकिन उन्हें बताना चाहता हूं कि मैं अपने संवैधानिक कर्तव्यों से विचलित नहीं होऊंगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि हताशा में भटकाव की राजनीति के तहत झूठे आरोपों का सहारा लिया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में अगर मुझ पर या मेरे परिवार पर ऐसे निराधार व्यक्तिगत हमले किए जाते हैं तो आश्चर्य नहीं होगा। एलजी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि मैं किसी भी परिस्थिति में दिल्ली वासियों की बेहतरी के लिए अपने संवैधानिक कर्त्तव्यों को निभाता रहूंगा।
एलजी ने आप नेताओं की तरफ से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस मामले में पहले ही उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से आप के नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई। इस प्रकरण पर ट्वीट कर कहा है कि मैंने भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन और दिल्लीवासियों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में पहल की। दिल्ली के लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए मेरी प्रतिबद्धता आगे भी बनी रहेगी।
उपराज्यपाल ने कहा है कि उन्होंने संवैधानिक कर्तव्यों के लिहाज से नई आबकारी नीति में अनियमितता का मुद्दा उठाया। बाद में इसे कैबिनेट ने वापस ले लिया। एलजी ने हाल के दिनों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के मामले में केंद्रीय सतर्कता आयोग की रिपोर्ट में कार्रवाई में ढाई साल की देरी, मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर के बगैर फाइलें भेजने, विश्वविद्यालयों में सीएजी की नियमित ऑडिट ना करवाने सहित छह मुद्दों का जिक्र किया है।
उपराज्यपाल ने कहा कि मुझे उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री इसे उचित रूप में लेंगे। दुर्भाग्यवश प्रतिक्रिया देने के बजाय मुझ पर अशोभनीय और अपमानजनक व्यक्तिगत हमले किए गए। एक जन प्रतिनिधि के तौर पर माननीय मुख्यमंत्री को जनता को उस कला के बारे में समझाने की जरूरत है जिसके तहत 17 लाख रुपये को 1400 करोड़ रुपये में बदलने का दावा किया गया। इस मामले में खादी भवन, दिल्ली के दो कर्मचारियों पर सीबीआई ने कार्रवाई भी की। राजनिवास भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। दिल्लीवालों को बेहतर सुविधाएं दी जाएगी। मैं अपने संवैधानिक कर्त्तव्यों से पीछे नहीं हटूंगा। मुख्यमंत्री भली भांती जानते हैं मैं किसी भी हालात में अपने संवैधानिक दायित्यों से पीछे नहीं रहूंगा।
उपराज्यपाल से मिलने गए आप विधायकों को पुलिस ने हिरासत में लिया
दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था के संबंध में आप विधायकों ने बृहस्पतिवार को राजनिवास पर दस्तक दी। इस दौरान उपराज्यपाल से नहीं मिलने देने के विरोध में उन्होंने राजनिवास पर धरना दिया और नारेबाजी की। तभी पुलिस ने आप विधायकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें सिविल लाइन पुलिस स्टेशन ले गई। वहां से पुलिस ने कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया।
आप विधायकों ने दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था के संबंध में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलने के लिए दोपहर दो बजे बाद राजनिवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उपराज्यपाल से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उनको उपराज्यपाल से नहीं मिलवाया गया। आप विधायकों ने दावा किया कि उन्होंने उपराज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। इसके विरोध में आप विधायकों ने राजनिवास के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस हिरासत के बाद उपराज्यपाल को पत्र लिखकर बताया कि पिछले दो वर्षों में दिल्ली में अपराधों में 15 फीसदी और महिलाओं के खिलाफ 41 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2020 में दुष्कर्म का आंकड़ा करीब 1250 था, जबकि वर्ष 2021 में यह आंकड़ा दो हजार पार गया है।
इस मौके पर आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा संगम विहार में एक लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण कुछ लड़कों ने लड़की को परेशान करना बंद नहीं किया। इतना ही नहीं, लड़कों ने लड़की पर गोली चला दी, अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो आज लड़की सही सलामत होती। वहीं विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि उपराज्यपाल के पास दिल्ली को साफ रखना और दिल्ली को अपराध मुक्त रखना, मगर वह इन दोनों में से एक भी कार्य नहीं कर पा रहे है।