तिहाड़ में कैसे दिन काट रहे केजरीवाल?: अधिकतर किताबें पढ़ते और लिखते रहते हैं सीएम...TV समेत दिया गया ये सामान
मुख्यमंत्री केजरीवाल को मच्छरदानी उपलब्ध कराई गई है साथ ही उनके सेल में 20 चैनलों वाला टेलीविजन भी लगाया गया है। हालांकि केजवरीवाल टीवी नहीं देख रहे हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल प्रशासन से जेल मैनुअल की प्रति मांगी। बुधवार को ही जेल प्रशासन ने उन्हें उपलब्ध करा दिया। उन्हें मच्छरदानी उपलब्ध कराई गई है साथ ही उनके सेल में 20 चैनलों वाला टेलीविजन भी लगाया गया है। हालांकि केजवरीवाल टीवी नहीं देख रहे हैं। वह कोठरी में उपलब्ध कुर्सी पर बैठकर ज्यादातर समय किताबें पढ़ते और कुछ लिखते नजर आते हैं। इसके अलावा सेल की लॉबी में टहलते हैं साथ ही ध्यान और योग भी करते हैं।
तिहाड़ जेल के अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यदि जेल पुस्तकालय में उपलब्ध है तो कैदी कोई भी किताब पढ़ सकता है। जेल मैनुअल पुस्तकालय में उपलब्ध है, इसलिए तत्काल उपलब्ध करा दिया गया। जेल अधिकारियों ने केजरीवाल की सेल में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। जिससे चौबीसों घंटे उन पर नजर रखी जा सकती है।
जेल भेजे जाने के बाद केजरीवाल ने जेल अधिकारियों से तीन किताबें रामायण, महाभारत, और हाऊ प्राइम मिनिस्टर्स डिसाइड मांगी थी, जो इन्हें उपलब्ध करा दी गईं थीं। अरविंद केजरीवाल पहली अप्रैल से तिहाड़ की जेल नंबर-2 में बंद हैं। कोर्ट ने इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को मुख्यमंत्री की बेल की याचिका खारिज कर दी थी। उन्होंने इसमें पैसों के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। अपनी याचिका में उन्होंने कहा था कि दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग का मामला अब खत्म हो चुका है और इसके कानूनी प्रावधानों में कोई उल्लंघन नहीं हुआ।