पशुवध मामले में पीड़ित परिवार को सीएम अखिलेश देंगे दस लाख
ग्राम बिसाहड़ा, तहसील दादरी में विगत दिवस हुई पशुवध की घटना के बाद शासन ने घटना में इखलाख की दुखद मृत्यु पर उसके परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पशुवध के आरोपी को पीट-पीटकर अधमरा करने और क्षेत्र में तनाव की खबर अमर उजाला के मंगलवार के अंक में प्रकाशित होने के बाद भी पुलिस ने मामले में उचित रूप से संज्ञान नहीं लिया।
बुधवार को इस खबर के हर ओर चर्चाओं में आ जाने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
बेटे का इलाज भी होगा मुफ्त
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केवल इखलाख के परिवार के लिए 10 लाख की सहायता राशि देने की ही घोषणा नहीं की है बल्कि उसके घायल बेटे का इलाज भी मुफ्त कराया जाएगा।
यह जानकारी बुधवार को गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी नागेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल हुए राहुल यादव का इलाज भी सरकार के द्वारा मुफ्त कराया जाएगा।
बता दें कि बिसाहड़ा गांव में पशुवध के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों को रात में ही हिरासत में लेने पर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। मंगलवार सुबह 8 बजे खगौड़ा, ऊंचा अमीरपुर, ततारपुर, चौना समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में एनटीपीसी तिराहे पर ग्रामीण जमा हो गए थे।