दिल्ली में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराने के बाद वाहनों से टकराई बस, 12 लोग घायल, दो की हालत नाजुक
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बस को कब्जे में लेकर उसका मैकेनिकल इंस्पेक्शन करवाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में लाल बत्ती के पास एक कलस्टर बस ने कहर बरपाया। अनियंत्रित बस ने एक के बाद एक आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में करीब 12 लोग जख्मी हो गए। आनन-फानन निजी वाहनों व पीसीआर की मदद से घायलों को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। कुछ घायल निजी अस्पताल भी पहुंचे। हादसे में दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस बस कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश कर रही है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे की जांच की जा रही है। बस ने चार ऑटो, एक कार, स्कूटी और बाइक को टक्कर मारी है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे शास्त्री पार्क लाल बत्ती के पास हुआ। नारंगी रंग की रूट नंबर-214 की बस कश्मीरी गेट से सीमापुरी की ओर जा रही थी। सीमापुरी लाल बत्ती के पास पहुंचने पर चालक ने जैसे ही बस मोड़ी अचानक उसने बस से नियंत्रण खो दिया। बस ने पहले मोड़ पर खड़े कई ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद बस डिवाइडर की ओर गई, वहां टक्कर मारने के बाद कार, स्कूटी और बाइक को भी टक्कर मार दी। इसके बाद किसी तरह बस को रोका गया।
मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। खून से लथपथ लोग दर्द से चिल्लाने लगे। लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर पुलिस को कॉल की। पुलिस को करीब 4.45 बजे सूचना दी गई। जिसके बाद शास्त्री पार्क थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंजलि, आमिर, इसकी पत्नी इकरा, भजीजे इब्राहिम, दिनेश सक्सेना, मनोज, राजपाल, दुर्गपाल और वेद भूषण को जीटीबी अस्पताल भेजा। कुछ लोगों को निजी अस्पताल भी ले जाया गया। पुलिस उनका पता लगा रही थी।
कहीं ऐसा तो नहीं था कि किसी मैकेनिकल दिक्कत की वजह से चालक ने बस से नियंत्रण खोया, इसके अलावा चालक की ही गलती से हादसा हुआ, इसका पता किया जा रहा है। पुलिस ने चारों ऑटो, स्कूटी, बाइक और कार को भी कब्जे में ले लिया है। सभी घायल इनमें ही सवार थे।