मरकज बिल्डिंग के दो तलों की हुई सफाई, जांच करने गई फोरेंसिक टीम क्वारंटीन में
सात अप्रैल निजामुद्दीन क्षेत्र में मंगलवार को निगम द्वारा मरकज बिल्डिंग में भी साफ सफाई का कार्य किया गया। सफाईकर्मियों ने बिल्डिंग के दो तलों को साफ किया। इस दौरान सफाई कर्मचारी पीपीई किट पहनकर पहुंचे थे।
इसके साथ ही निगम की टीम ने चार टैंकर और दो दमकल गाड़ियों के साथ निजामुद्दीन बस्ती और उसके आसपास के क्षेत्र मरकज बिल्डिंग के बाहर सोडियम हाइपोक्लोराइट सॉल्यूशन का छिड़काव किया। मंगलवार को दक्षिण निगम ने जेजे कॉलोनी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में महिपालपुर, गौतम नगर, हौज खास के विभिन्न कॉलोनियों में छिड़काव किया।
इसके इसके साथ ही ड्रोन द्वारा 30 किलो सोडियम हाइपोक्लोराइट सॉल्यूशन के अतिरिक्त सभी जोन में 16 स्प्रिंकल चैटिंग मशीन और टैंकरों की मदद से छिड़काव किया जा रहा है। सैनिटाइजेशन के दौरान क्वारंटीन और हॉटस्पॉट क्षेत्र के आसपास व भोजन वितरण केंद्र के पास मुख्य रूप से छिड़काव किया जा रहा है।
इस कड़ी में मंगलापुरी, अबुल फजल एनक्लेव, अशोक नगर, चिराग दिल्ली, न्यू कृष्णा पार्क, विकास नगर, आर के पुरम, जेजे कॉलोनी मादीपुर, दीनपुर, मटियाला, लाडो सराय, तैमूर नगर, भोगल और इंदिरा कैंप क्षेत्र में छिड़काव कार्य किया गया।
मरकज की जांच करने गई फोरेंसिक टीम क्वारंटीन में
निजामुद्दीन मरकज में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद जांच के लिए गए फोरेंसिक टीमों के सदस्यों को मंगलवार को क्वारंटीन में भेज दिया गया। उन्हें 10 दिन के लिए घर भेजा गया है और वहीं क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
मरकज से सैंपलों की जांच के दौरान उनमें कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यह टीम क्राइम ब्रांच के साथ जांच के लिए गई थी। अब मरकज में जांच के लिए दूसरी फोरेंसिक टीम को लगाया गया है।
यह लैब फूलप्रूफ होकर जांच करेगी। टीम ने पहले जुटाए साक्ष्यों की जांच शुरू भी कर दी है। जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट क्राइम ब्रांच को सौंपनी है। इससे कोर्ट में पुलिस को गुनाह साबित करने में मदद मिलेगी।