Delhi: दिल्ली हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ की कार्रवाई, मानव तस्करी के शक में चार कर्मचारी और एक यात्री को पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने मानव तस्करी के आरोप में एयर इंडिया के चार कर्मचारियों और एक यात्री को पकड़ा है। सभी आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ अधिकारी ने बताया कि 27 दिसंबर को एयरपोर्ट पर तैनात निगरानी और खुफिया टीम को प्रस्थान गेट के पास चेक इन एरिया में बैठे एक यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगी। यात्री की पहचान दिलजोत सिंह के रूप में हुई। उसे एयर इंडिया के विमान से बर्मिंघम जाना था। जांच के दौरान पता चला कि वह फ्लाइट पर नहीं चढ़ा। इससे सीआईएसएफ कर्मियों का शक गहरा गया। पूछताछ करने पर उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
इसके बाद सीसीटीवी से दिलजोत के गतिविधियों की जांच गई तो पता चला कि वह चेक इन काउंटर पर गया ही नहीं। उसके बदले एयर इंडिया में तैनात क्रू मेंबर रोहन वर्मा चेक इन की प्रक्रिया पूरी करने गया था। इसके बाद रोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
उसने बताया कि गलत कागजात के जरिये इमिग्रेशन प्रक्रिया को पूरी करने गया था। उसके सहकर्मी मोहम्मद जहांगीर ने ऐसा करने के लिए कहा था। इसके एवज में उसे 80 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। दिलजोत के साथ दो और यात्री थे। तीनों के कागजात की प्रक्रिया उसे पूरी करने के लिए कहा गया था।
इसके बाद सीआईएसएफ ने जहांगीर को हिरासत में लिया। उसने बताया कि महिपालपुर निवासी राकेश ने उसे प्रति यात्री 40 हजार रुपये देने का वादा किया था। सीआईएसएफ अधिकारियों ने मामले की जानकारी एआईएसएटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जांच करने के दौरान दो अन्य कर्मचारी यश और अक्षय नारंग ने भी मामले में शामिल होना कबूल लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।