भाभी से नजदीकियों के चलते बचपन के दोस्त का कत्ल: अक्सर ललित के घर जाती थी महिला, इसी बात से खफा था मोहित
न्यू उस्मानपुर में ललित कुमार की हत्या उसके दोस्त मोहित ने की। मोहित ने भाभी से नजदीकियों के चलते ललित को शराब पिलाकर चाकू से मारा। पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार किया।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में ललित कुमार (26) नामक युवक की हत्या उसके बचपन के दोस्त ने ही की थी। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी मोहित (26) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की पूछताछ में मोहित ने खुलासा किया है कि ललित की उसके बड़े भाई की पत्नी से नजदीकियां थीं। अक्सर मोहित की भाभी ललित से मिलने उसके घर आ जाती थीं। मोहित ने कई बार ललित को उसकी भाभी से दूर रहने के लिए कहा था। सोमवार रात को उसने ललित को शराब पिलाकर वारदात को अंजाम दिया।
बाद में वह बुलंदशहर फरार हो गया। एक टीम बुलंदशहर पहुंची तो आरोपी भागकर दिल्ली आ गया। आरोपी को दिल्ली से दबोच लिया गया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी मोहित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल की जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 2 जून की सुबह करीब 5:02 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को खबर मिली कि गौतमपुरी इलाके में कूड़ा घर के पास एक युवक का शव पड़ा है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में युवक का शव बरामद किया है। मृतक के शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे। बाद में मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी निवासी ललित के रूप में हुई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।। ललित के परिजनों के बयान लिए। इस बीच ललित के भाई हिमांशु ने बताया कि उसे कॉल कर मोहित ने भाई की हत्या की सूचना दी। छानबीन हुई तो पूरी वारदात का पता चला।
पुलिस ने मोहित की तलाश शुरू कर दी। इस बीच मोहित की भाभी ने भी अपने देवर के खिलाफ बयान दिया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच न्यू उस्मानपुर थाना और जिले के स्पेशल स्टाफ ने आरोपी को दबोच लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।