‘पीएम के इशारे पर सीबीआई कर रही है खबर लीक’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सीबीआई पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे में दिल्ली सरकार, मुख्यमंत्री और उनके अधिकारियों को बदनाम करने के लिए खबर लीक कराने का आरोप लगाया है।
सिसोदिया ने सीबीआई निदेशक अनिल कुमार सिन्हा को लिखे पत्र में कहा है कि दिल्ली सचिवालय में सीबीआई की छापेमारी में पांच रिकॉर्डिंग मिलीं, जांच का दायरा बढ़ेगा। इन खबरों का लीक करने का मकसद दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री को बदनाम करना है।
उपमुख्यमंत्री ने लिखा है कि सीबीआई का काम खबरें लीक कराकर राजनीति करना नहीं, बल्कि किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को सजा दिलवाना है। मुख्यमंत्री कार्यालय पर जब सीबीआई की रेड पूरी तरह विफल हो गई तो अब सीबीआई इस तरह की हरकतों पर उतर आई है।
क्या यह खबरें प्रधानमंत्री के निर्देश पर लीक की जा रही हैं
सिसोदिया ने सवाल भरे लहजे में पूछा, ‘मैं यह जानना चाहता हूं कि क्या यह खबरें प्रधानमंत्री के निर्देश पर लीक की जा रही हैं, क्योंकि सीबीआई सीधे उन्हीं को रिपोर्ट करती है।
यदि ऐसा नहीं है तो मैं दिल्ली सरकार की तरफ से मांग करता हूं कि इसकी जांच की जाए, जिम्मेदारी तय की जाए।’ उन्होंने कहा है कि यह जानना जरूरी है कि खबर लीक कराने की साजिश कौन और किसके निर्देश पर कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने लिखा कि अगर आप इस दिशा में तुरंत कदम नहीं उठाते हैं तो यह स्वयं में प्रमाण होगा कि प्रधानमंत्री के इशारे पर उनके राजनीतिक विपक्षियों को बदनाम करने की साजिश में आप और आपकी टीम सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।