दिल्ली में पार्क में टहलने गए कारोबारी की नाले में गिरकर मौत
लापरवाही: सफाई के लिए हटाए गए थे 10 फुट गहरे नाले के दो स्लैब, वापस नहीं ढका था
पीडब्ल्यूडी के नाले में हुआ हादसा, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर इलाके में रविवार शाम प्रशासन की लापरवाही से एक कारोबारी की मौत हो गई। मयूर विहार फेज-3 में शाम के समय पार्क में टहलने गए कारोबारी पीडब्ल्यूडी के 10 फुट गहरे नाले में गिर गए।
राहगीरों ने उन्हें किसी तरह नाले से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें नोएडा स्थित मेट्रो अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कारोबारों को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त अनिल अग्रवाल (54) के रूप में हुई है।
शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि कुछ दिनों पूर्व नाले की सफाई के लिए गेट के पास से दो स्लैब हटाए गए थे, जिनको दुबारा उसके स्थान पर नहीं रखा गया था। फिलहाल शुरूआती जांच के बाद पुलिस मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अनिल अग्रवाल परिवार के साथ उन्नति अपार्टमेंट, पॉकेट-5, मयूर विहार फेज-3 में रहते थे। उनकी मयूर विहार फेज-3 में अग्रवाल स्वीट्स के नाम से बड़ी मिठाई की दुकान है।
रविवार दोपहर के समय अनिल खाना खाने के बाद करीब 4.00 बजे घर के पास ही रेड फॉक्स होटल के नजदीक पार्क में टहलने चले गए। अनिल ने अपनी स्कूटी पार्क के गेट पर खड़ी की थी। बारिश के कारण गेट पर कुछ पानी जमा था।
डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया
टहलकर लौटने के बाद अनलि गेट पर भरे पानी से बचने के लिए अनिल नाले की ओर जाने लगे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे नाले में गिर गए। शोर मचाने पर राहगीरों ने उन्हें नाले से निकाल लिया।
परिजनों का मोबाइल नंबर बताने के बाद अनिल बेहोश हो गए। परिजन उन्हें नजदीकी मलिक नर्सिंग हो ले गए। वहां से उन्हें मेट्रो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने पीडब्ल्यूडी और निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है। यहां बता दें कि अनिल के परिवार में पत्नी मंजू गुप्ता, दो बेटे निक्की गुप्ता (31), गौरव गुप्ता (28) और एक बेटी रिंकी गुप्ता (36) हैं। अनिल के दोनों बेटे लंदन में रहते हैं। निक्की लंदन में आर्मी अधिकारी हैं, जबकि गौरव की लंदन में दुकान है। बेटी रिंकी अपने पति के साथ कानपुर में रहती है।