बुलंदशहर में चलती कार में दुष्कर्मः पीड़िता और आरोपी की कॉल डिटेल से हुए चौंकाने वाले खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर में वारदात के बाद आरोपियों ने अश्लील वीडियो बना ली थी, जिसके वायरल होने के डर से इस कदर दहशत में आ गई थी कि वह दो दिनों तक खामोश रहते हुए असहनीय दर्द झेलती रही। लेकिन, जब दर्द असहनीय हुआ तो उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी। जिसके बाद परिजनों ने मामला पुलिस तक पहुंचाया और आरोपियों के खिलाफ शिकायत की। पीड़िता ने शिकायती पत्र में अपनी आपबीती बताई।
पीड़िता ने रविवार सुबह परिजनों के साथ थाने पहुंच कर तहरीर दी, जिसमें उसने वारदात की पूरी जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपियों ने वारदात के दौरान मोबाइल से अश्लील वीडियो बना ली थी। इसके बाद उसे कार से सड़क किनारे फेंक दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पीड़िता इस पूरे प्रकरण की शिकायत अपने परिजनों से तीन दिसंबर को ही कर देती। लेकिन, आरोपियों ने उसके वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि इसी डर के कारण वह दो दिनों तक चुप रही। चोटों के जख्म से हो रहे असहनीय दर्द को भी सहती रही। लेकिन, शनिवार देर रात जब दर्द के कारण वह बेहाल हुई तो उसने अपनी आपबीती मां को बताई। उसकी बातों को सुनने के बाद परिजनों के होश उड़ गए।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के समक्ष पूरी वारदात की तहरीर दी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की।
वारदात वाले दिन दोनों के बीच फोन पर हुई बातचीत : एसएसपी
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी अकरम समेत अन्य दो आरोपियों को भी दबोच लिया गया है। तीनों को पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थान से पकड़ा है। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ तथ्य प्रकाश में आए हैं, जो कि चौंकाने वाले हैं। पीड़िता और आरोपी के फोन कॉल की डिटेल खंगाली गई है। जिसमें दोनों के बीच काफी समय से बातचीत करने और मैसेज भेजने की जानकारी हुई है।
वारदात वाले दिन शाम को करीब साढ़े पांच बजे दोनों के बीच फोन पर दो बार बातचीत हुई थी। एक बार कॉल आरोपी के द्वारा की गई थी, जबकि, एक बार पीड़िता के द्वारा की गई थी। इस दौरान एक बार करीब 89 सेकंड और दूसरी बार में करीब 15 सेकंड की बातचीत किए जाने की जानकारी है। हालांकि, यह सभी चीजें अभी जांच के बाद पूर्ण रूप से स्पष्ट हो सकेंगी।
बालिग या नाबालिग, नहीं है जानकारी
मामले में पीड़िता नाबालिग है या बालिग इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। बकौल पुलिस पीड़िता के परिजनों ने अभी तक कोई सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं कराया है, जिससे कि स्पष्ट हो सके कि वो बालिग है या नाबालिग। हालांकि, मेडिकल में इस बाबत पुष्टि हो जाएगी।