बहन के दिल में है सुराख, इलाज के पैसे जुटाने के लिए बाइक चोर बना भाई, ऐसे हुआ खुलासा
गाजियाबाद के विजयनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक बरामद की हैं। पकडे़ गए एक युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के दिल में छेद है। उसी का इलाज कराने के लिए वह चोरी करने लगा।
पकड़े गए युवक कमल साहिबाबाद के पसौंडा और विपिन अमरोहा के गजरौला थानाक्षेत्र का रहने वाला है। दोनों 12वीं तक पढ़े हुए हैं। एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात को विजयनगर की अंतरिक्ष सोसायटी के पास दो युवकों को चेकिंग के दौरान रोका।
पूछताछ में पता चला कि जिस बाइक पर दोनों युवक सवार थे, वह चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह मॉल्स और अलग-अलग मार्केट के बाहर से करीब 20 बाइक चुरा चुके हैं। उनकी निशानदेही पर विजयनगर के ही एक मकान से चोरी की सात और बाइक बरामद की गईं।
15 से 20 हजार में बेचता था चोरी की बाइक
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी कमल ने बताया कि वह नोएडा की एक कंपनी में काम करता था। कुछ दिन पहले ही उसे पता चला कि उसकी बहन पिंकी के दिल में छेद है। पहले गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में उसका चल रहा था, इसके बाद उसे दिल्ली के पंत अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। आरोपी ने बताया कि बहन के इलाज के लिए ही उसने दोस्त विपिन के साथ मिलकर चोरी करना शुरू कर दिया था। वह चोरी की बाइक को एक 15 से 20 हजार रुपये में बेच देते हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपी दो मिनट में दिल्ली-एनसीआर की मार्केट और मॉल्स के बाहर से मास्टर की से वाहन चोरी कर लेते थे। इसके बाद वह उसे एक बंद प्लाट पर खड़ी कर देते थे। ग्राहक मिलने पर चोरी की बाइक को बेच देते थे। बरामद बाइकों में से एक बाइक कविनगर और दूसरी इंदिरापुरम से एक माह पहले चोरी की गई थी।