'प्रेमिका के साथ छेड़छाड़ का विरोध किया तो आग में झुलसाया'- बनाई मनगढ़ंत कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बवाना इलाके में बृहस्पतिवार सुबह सीए की तैयारी कर रहा छात्र संदिग्ध हालत में झुलस गया। छात्र ने आरोप लगाया कि बाइक सवार तीन युवक उसकी कथित प्रेमिका के साथ बदसलूकी कर रहे थे, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
युवक का लोकनायक अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को जो साक्ष्य मिले हैं, उससे छात्र के दावों पर शक गहरा गया है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने खुदकुशी का प्रयास किया है। हालांकि पुलिस छात्र के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की सुबह 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नांगलोई निवासी दिलीप मंडल (19) को झुलसी अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने लोकनायक अस्पताल पहुंचकर युवक का बयान दर्ज किया। दिलीप ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ बवाना के श्री कृष्ण गोशाला के पास घूमने गया था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आए और उसकी प्रेमिका के साथ बदसलूकी करने लगे।
उसने विरोध किया तो एक युवक ने बाइक की डिग्गी से पेट्रोल की बोतल निकालकर उस पर डालकर आग लगा दी। वह खुद को बचाने के लिए भागने लगा। लोगों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
प्रेमपत्र में लिखा, ऐसा करेगा कि दुनिया देखेगी
जांच के दौरान मिले सबूत से मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस के मुताबिक, छात्र व उसकी प्रेमिका के पास से 50 से अधिक प्रेमपत्र मिले हैं। इसमें 30 खून से लिखे हैं। एक पत्र में छात्र ने सोनी टीवी के चर्चित सीरियल ‘बेहद’ व कलर्स के एक अन्य सीरियल का जिक्र करते हुए लिखा था कि 23 नवंबर को वह कुछ ऐसा करेगा, जिसे दुनिया देखेगी।
पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसमें मौके पर कोई बाइक नहीं देखी गई है। उसकी कथित प्रेमिका के बयान भी विरोधाभाषी हैं। पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले को खुदकुशी का प्रयास का मामला मान रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक के बाल नहीं जले हैं। इस संबंध में युवक का कहना है कि घटना के समय उसने टोपी पहनी हुई थी।
नाबालिग है छात्रा
पुलिस के मुताबिक, दिलीप अपने परिजनों के साथ नांगलोई के मोहल्ले में पांच साल से रहता है। परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई व एक बहन हैं। छात्र सीए की परीक्षा की तैयारी कर रहा है। कथित प्रेमिका भी इसी मकान में रहती है और 12वीं की छात्रा है। वह अभी नाबालिग है।
प्रेमिका से बधंवाता था राखी
छात्र के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन जांच में ऐसेे कई तथ्य सामने आए हैं जो खुदकुशी के प्रयास की तरफ इशारा करते हैं। सीसीटीवी कैमरे में घटना के बाद छात्र और उसकी कथित प्रेमिका अलग-अलग दिशा की ओर जाते हुए दिखे।
छात्र के पास से मिले एक प्रेमपत्र में 23 नवंबर को कुछ करने की बात लिखी है। वहीं, परिवार वालों ने बताया कि दोनों एक दूसरे को भाई-बहन मानते थे और राखी बंधवाते थे। करीब एक माह पहले लड़की के पिता ने दोनों को एक साथ घूमते देख लिया था। इसकी वजह से दोनों के बीच चल रहे कथित प्रेम प्रसंग का खुलासा हो गया था। इसके बाद से छात्र डिप्रेशन में था।
चश्मदीद बोले, घटना नहीं देखी
बवाना में संदिग्ध हालत में सीए के छात्र के झुलसने के मामले में पुलिस ने चश्मदीदों का बयान दर्ज किया है। चश्मदीदों ने घटना को नहीं देखने की बात कही है, लेकिन उन्होंने इतना बताया है कि युवक उनके पास आया था और बचा लेने की गुहार लगा रहा था।
छात्र ने उनसे कहा कि किसी ने उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया है। एक चश्मदीद सुनील राज की घटनास्थल पर चाय की दुकान है। सुनील ने बताया कि युवक के साथ एक छोटी लड़की भी थी।
युवक ने उसके दुकान से एक पानी का बोतल भी लिया। उसके बाद लड़की एक ऑटो से युवक को लेकर पास के अस्पताल में चली गई। चश्मदीदों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ देर पहले लड़का और लड़की में कहासुनी हुई थी।