बांग्लादेशी गैंग ने परिवार को बंधक बना लूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मॉडल टाउन इलाके में बृहस्पतिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने मोटर पार्ट्स कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर करीब डेढ़ करोड़ से अधिक के जेवर और नगदी की डकैती डाली।
करीब दो घंटे घर में लूटपाट करने के बाद बदमाश परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर फरार हो गए। सुबह के समय खुद को मुक्त कर व्यवसायी ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मॉडल टाउन थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। फिलहाल पुलिस अधिकारी लूटी गई रकम और जेवर की कीमत पर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
पीड़ित कारोबारी पराग जैन परिवार के साथ महेंद्रा एंक्लेव, मॉडल टाउन में रहते हैं। इनके परिवार में पत्नी और बच्चों के अलावा बुजुर्ग माता-पिता भी हैं। पराग का संजय नगर, सराय पीपलथला में स्पेयर पार्ट्स का कारोबार है।
परिवार को बंधक बना हो गए फरार
पिछले कुछ दिनों से इनकी पत्नी, बच्चों को लेकर मायके गई हुई थीं। बृहस्पतिवार रात के समय पराग पहली मंजिल पर सो रहे थे।
वहीं उनके पिता भूषण कुमार जैन (70) और मां वीणा जैन (65) ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब 2:15 बजे छत के रास्ते खिड़की का शीशा काटकर पांच हथियारबंद बदमाश इनके घर में दाखिल हो गए।
बदमाश पराग को बंधक बनाकर नीचे ले गए। बाद में बुजुर्ग माता-पिता को भी बंधक बना लिया गया। सभी को एक कमरे में बंद करके बदमाशों ने तलाशी ली।
तड़के करीब 4:15 बजे बदमाश नीचे के रास्ते ही फरार हो गए। सुबह करीब 7.15 बजे खुद को मुक्त कराकर पराग ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
बांग्लादेशी गैंग का हाथ होने की आशंका
मॉडल टाउन इलाके में कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर डकैती के मामले में पुलिस को वारदात में किसी बांग्लादेशी गैंग पर शक है। पुलिस आशंका जता रही है कि घर के किसी करीबी या नौकर की सूचना पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घर में काम करने वाले नौकर, वेंडरों व अन्य लोगों से शुक्रवार को पूछताछ भी। पुलिस ने घटना स्थल से कुछ फिंगर प्रिंट भी उठाए। जिसके आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मानें तो जिस तरह से पराग के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली गई। इस तरह से वारदातों को बांग्लादेशी गैंग अंजाम देते हैं। किसी जानकार की सूचना पर रेकी कर वारदात को अंजाम दिया जाता है।
पुलिस को पता चला है कि पराग के मकान के पीछे मेट्रो निमार्ण कार्य के लिए जगह खाली पड़ी हुई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि वहां से बदमाश छत पर पहुंचे और घर में जीने की खिड़की का शीशा काटकर घर में दाखिल हुए।