दिल्ली विधानसभा चुनावः 10 दिनों तक सीएम से 10 सवाल पूछेगी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी रणनीति के तहत भाजपा अगले नौ दिनों तक आम आदमी पार्टी से हर रोज एक सवाल पूछेगी और उसका जवाब देने की चुनौती देगी। इस कड़ी में बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पूछा कि एमसीडी के 20 हजार करोड़ रुपये दिल्ली सरकार क्यों दबाए बैठी है। इस वजह से कर्मचारियों को वेतन देने में दिक्कत आ रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और सांसद रमेश बिधूड़ी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में आप के दावों की पोल खोलने वाले वीडियो और ट्वीट दिखाया। इसमें टूटी सड़कें, जलजमाव के कारण सड़कों पर कीचड़, खुली नालियों को पार करते बच्चों को दिखाया गया।
तिवारी ने कहा कि एक बार फिर साबित हो गया है कि केजरीवाल के पास बताने के लिए अपनी सरकार का कोई काम नहीं है। काम करने वाली सरकार नहीं ये कारनामों वाली ‘झाड़ू सरकार’ है। सच्चाई को छिपाने के लिए केजरीवाल इधर-उधर की बात कर रहे हैं। पानी, बस, प्रदूषण, कॉलेज, फ्लाईओवर और सड़कों की बात नहीं करते हैं।
तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार ने दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली एमसीडी को दिया जाने वाला लगभग 20 करोड़ का फंड नहीं दिया गया। सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा, मुफ्त वाई-फाई समेत 70 वादों को पूरा नहीं कर दिल्ली की जनता को गुमराह किया गया है।
सीएम का जवाब...
एमसीडी को दिल्ली सरकार से पिछली सरकारों की तुलना में ज्यादा फंड मिला है। हमारी सरकार आने से पहले 2013 में कांग्रेस सरकार थी और 2014 में राष्ट्रपति शासन था। उस दौरान नगर निगम को जितना फंड दिया गया उससे कहीं ज्यादा हमारी सरकार ने फंड दिया है। बावजूद इसके, भाजपा कंगाल हो गई है। आलम यह है कि एमसीडी अपने कर्मचारियों को सैलरी नहीं दे पाती।
-अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री
दिल्ली फतह के लिए भाजपा उतारेगी स्टार प्रचारकों की फौज
दिल्ली में जीत पक्की करने के लिए भाजपा स्टार प्रचारकों की फौज उतारेगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में केंद्रीय मंत्री से लेकर भाजपा के शासन वाले राज्य के मुख्यमंत्री भी मतदाताओं से वोट की अपील करेंगे। रैली, जनसभा को संबोधित करने के अलावा वह छोटी-छोटी जनसभा व डोर-टू-डोर कैंपने कराने की भी योजना है।
आप सरकार को घेरने के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची तैयार की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय समेत अन्य जिसे शनिवार को चुनाव सह प्रभारी तरुण चुघ की स्वीकृति के बाद जारी की जाएगी।
दिल्ली में भाजपा के पक्ष में प्रचार करने के लिए भाजपा के सभी मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा जाएगा। इनमें स्टार प्रचारक के रूप में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि स्टार प्रचारकों की लिस्ट तैयार हो रही है। जल्द इसे चुनाव आयोग के पास भेज दिया जाएगा।