Delhi: भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह का सिसोदिया पर आरोप- रिश्वत की पहली किश्त में 150 करोड़ रुपये लिए
भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि आबकारी नीति को अपने अनुरूप बनाने के लिए शराब माफियाओं, मंत्रियों एवं अधिकारियों के बीच ओबरॉय होटल में कई बैठकें हुईं। शराब माफियाओं और आम आदमी पार्टी सरकार के बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के कविता ने बिचौलिए का काम किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली भाजपा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर बतौर रिश्वत 150 करोड़ रुपया लेने का आरोप मढ़ा है। कहा है कि नई शराब नीति के तहत कमीशन 2.5 प्रतिशत से 12 प्रतिशत कर दिया गया था। इसी डील में सिसोदिया को पहली किश्त के रूप में रिश्वत मिली। यह भी आरोप लगाया कि शराब माफियाओं और आप सरकार के बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी ने बिचौलियो का काम किया।
भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आबकारी नीति को अपने अनुरूप बनाने के लिए शराब माफियाओं, मंत्रियों एवं अधिकारियों के बीच ओबरॉय होटल में कई बैठकें हुईं। यह भी बताया कि शराब माफियाओं और आम आदमी पार्टी सरकार के बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के कविता ने बिचौलिए का काम किया। वे ही शराब माफियाओं के कई सदस्यों को सिसोदिया से मिलवाने लेकर आई थीं। तेलंगना और पश्चिम बंगाल में भी यह नीति लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आबकारी मंत्री मनीष सिसोदिया को बताना चाहिए कि शराब बेचने वालों का कमीशन 10 फिसदी क्यों बढ़ाया गया। यह भी बताना चाहिए कि उनका के कविता और शराब माफियाओं के सदस्य जिसमें दिनेश अरोड़ा, विजय नैयर और विजय अरोड़ा शामिल है, से क्या संबंध है। तेलंगाना से आने वाले लोगों ने ही सिसोदिया के साथ डील की। सिसोदिया बताएं कि केसीआर के परिवार वालों से मिले या नहीं मिले।
प्रवेश साहिब सिंह ने यह भी कहा कि एकत्रित किया गया पैसा आम आदमी पार्टी को देने का काम अमन ढल नाम का व्यक्ति करता था। ढल का ठेका ना केवल दिल्ली बल्कि पंजाब में भी है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि सिसोदिया जनता के सामने आकर माफी मांगें।
सिरसा का आरोप- चंडीगढ़ के हयात होटल में भी होती थीं बैठकें
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली के ओबरॉय होटल में बैठक होने के साथ-साथ चंडीगढ़ के हयात होटल में भी इन शराब माफियाओं की बैठकें होती थीं। इन बैठकों के बाद आप नेताओं ने उसी शराब नीति को दिल्ली और पंजाब में लागू किया जो तेलंगाना में पहले से चली आ रही है। होटल में नीति बनाने और किसको कितना पैसा मिलेगा, इसकी डील हो रही थी। शराब माफिया चड्ढा परिवार से के कविता जुड़ी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि के कविता ही दक्षिण भारत के लोगों को लेकर आती थीं। पूरा डील करवाती थीं। पंजाब व गोवा चुनाव के लिए पैसा दिया गया। रमन ढल को सीधा लाइसेंस शराब का मिला। ढल ने 50 करोड़ रुपया का क्रेडिट नोट सिसोदिया को दिया। अर्जुन पांडे के नाम से पैसा ट्रांस्फर होता था।
हेल्थ व शिक्षा क्रांति पर भाजपा ने साधा निशाना
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य व शिक्षा क्रांति पर भी निशाना साधा। कहा कि सिसोदिया अपनी धर्मपत्नी का इलाज दिल्ली के सरकारी अस्पताल में नहीं बल्कि प्राइवेट अस्पतालों में कराते थे। बिल दिखाते हुए कहा कि पिछले 7 सालों में 22,61,120 रुपया का इलाज कर दाताओं के पैसों से प्राइवेट अस्पतालों में कराया है।
दिल्ली सरकार के विधायक और मंत्री बच्चों के एडमिशन सरकारी स्कूल में कराएं
उन्होंने पूछा कि ये कैसी क्रांति है और ये कैसी बीमारी है? सिसोदिया दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं। खांसी व वायरल फीवर जब भी सिसोदिया की पत्नी को हुआ वह सीधा मैक्स या अपोलो अस्पताल पहुंचती थीं। दिल्ली सरकार के अस्पताल में नहीं जाती थीं। प्रवेश वर्मा ने कहा कि आप के सांसद, मंत्री व विधायकों के परिवार वाले व बच्चों से कहना चाहता हूं कि अपने पिता जी से बोलें कि अगर दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूल को इतना बेहतर कर दिया है कि प्राइवेट स्कूल की जगह सरकारी स्कूल में दाखिला करा दें। सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाएं।