केजरीवाल ने बताया क्यों उन्हें महिला सुरक्षा की चिंता
दिल्ली सरकार अगले विधानसभा सत्र में महिला सुरक्षा बिल लाने की तैयारी में है। दिल्ली सचिवालय में दिल्ली डायलॉग कमीशन की तरफ से आयोजित बैठक में इसका संकेत मिला।
इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व उनके अधिकार सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। मेरा अनुभव यह कहता है कि जब तक लड़कियां घर नहीं पहुंच जातीं तब तक उनके परिजन चिंतित रहते हैं।
एक लड़की का पिता होने के नाते मुझे यह महसूस होता है कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा बेहद ही आवश्यक है।
सभी जगहों पर जल्द होंगे सीसीटीवी
इसके लिए सबसे पहले दिल्ली सरकार सभी जगहों को सीसीटीवी से लैस कर रही है। बतौर पायलट प्रोजेक्ट स्कूलों को कैमरे से लैस किया जा रहा है।
डीटीसी की बसों को भी सीसीटीवी से लैस किया जा रहा है। इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए दूसरी योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
गौरतलब है कि दिल्ली के आनंद पर्बत मीनाक्षी हत्याकांड के बाद विधानसभा में महिला सुरक्षा पर विशेष सत्र भी बुलाया गया था।