शूटिंग रोके जाने से परेशान ऋतिक पहुंचे पुलिस हेडक्वार्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म स्टार ऋतिक रोशन ने सोमवार दोपहर दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंच कर पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि रविवार को ट्रैफिक जाम के कारण रोकी गई उनकी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वे पुलिस आयुक्त से मिलने पहुंचे थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस मुलाकात की पुष्टि की है। हालांकि अधिकारिक रूप से कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। ऋतिक पुलिस मुख्यालय में करीब आधा घंटा रहे। पुलिस आयुक्त के अलावा ऋतिक की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला से भी मुलाकात हुई थी।
आज भी शूटिंग में आ सकती है बाधा
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिल्म की शूटिंग आज से पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर में होनी है। यहां पर चार से दस मार्च तक शूटिंग होनी है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त रणवीर ने बताया कि उनसे सुभाष नगर में शूटिंग के लिए फिल्म से जुड़े लोगों ने कोई अनुमति नहीं मांगी है और न ही लोकल पुलिस ने शूटिंग के लिए अनुमति दी है।
गौरतलब है कि रविवार मयूर विहार एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन फ्लाईओवर पर फिल्म की शूटिंग के चलते ट्रैफिक जाम हुआ था, जिसके कारण लोगों ने हंगामा काटा था। बाद में चलते शूटिंग रोककर ट्रैफिक को सामान्य किया गया।
क्या कहा पुलिसवालों ने?
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऋतिक रोशन सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आईटीओ स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और पुलिस आयुक्त से भेंट की।
पुलिस मुख्यालय में तैनात पुलिस अधिकारियों और अन्य स्टाफ को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। उन्हें पुलिस मुख्यालय के पिछले गेट से प्रवेश कराया गया था।
अधिकारी ने बताया कि ऋतिक रोशन ने दिल्ली पुलिस की हाल में शुरू हुई मिसिंग रिपोर्ट की जानकारी ली और उसमें काफी रुचि दिखाई।
होम मिनिस्टरी से भी कर दी शूटिंग की शिकायत
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सोमवार को चर्चा जोरों पर थी कि फिल्म की शूटिंग रोकने पर फिल्म यूनिट से जुड़े लोगों ने गृह मंत्रालय और दिल्ली टूरिज्म को दिल्ली पुलिस की शिकायत की है।
हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग पर्यटन को बढ़ावा देने का दिल्ली पर्यटन विभाग का ड्रीम प्रोजेक्ट है।