दिल्ली: तीन और पुलिसकर्मियों के साथ वारदातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में पुलिसवालों पर हमले थम नहीं रहे हैं। ग्रेटर कैलाश में हवलदार ने हवा में फायरिंग कर हमलावर युवकों से खुद को बचाया। वहीं, सरोजनी नगर में दो युवकों ने एक सिपाही की धुनाई कर दी। आरोपी युवक सरोजनी नगर मार्केट के अंदर अपनी कार को ले जाना चाहते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहली घटना ग्रेटर कैलाश की है। रविवार को शाम करीब 3 बजे एम-34 के सामने दो पक्षों में पार्किंग को लेकर झगड़ा हो रहा था। एक पक्ष गुरमीत का था, जबकि दूसरा हरकीरत का। मौके पर पहुंचे हवलदार प्रदीप ने जब बीचबचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। गुरमीत ने हवलदार की पिस्टल छीनने का प्रयास किया।
इस पर उसने हवा में फायर कर खुद को बचाया और आरोपियों को अलग किया। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने सिपाही अनिल की शिकायत पर दोनों पक्षों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पिस्टल छीनने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरे मामले में सिपाही अमरपाल रविवार को सरोजनी नगर मार्केट के मेन गेट पर तैनात था। सुरक्षा की दृष्टि से सिपाही सादी वर्दी में था। दोपहर करीब 1:30 बजे पालम कॉलोनी निवासी वरुण कुमार और बेर सराय निवासी निशांत पहुंचे। दोनों कार को मार्केट के अंदर ले जाने लगे।
सिपाही अमरपाल ने आरोपियों को कार अंदर ले जाने से रोका तो वे गाली देने लगे। दोनों ने सिपाही के साथ मारपीट की। सरोजनी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर वरुण और निशांत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दुकानदार और उसके बेटे ने दो सिपाहियों को पीटा
दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में पटरी और सड़क पर रखे सामान को हटाने की कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार ने अपने बेटे के साथ मिलकर दो सिपाहियों की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान जब सिपाहियों ने दुकानदार के बेटे को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक सिपाही को दांत काटकर जख्मी कर दिया। वारदात के दौरान मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को काबू किया। सब्जी मंडी थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक गत शनिवार दोपहर सब्जी मंडी थाने में तैनात सिपाही रविंद्र और दिनेश सड़क और पटरी पर अतिक्रमण को हटाने के मुहिम के तहत सब्जी मंडी मेन रोड मार्केट पहुंचे। जहां पुलिसकर्मियों ने दिल्ली बनिया जनरल स्टोर और राजकुमार प्लाइवुड नाम के दुकान के बाहर अतिक्रमण देखा। सिपाही दिनेश ने दुकान में बैठे युवक रवि को दुकान के बाहर रखे सामान को हटाने के लिए कहा। रवि ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसी दौरान रवि का पिता राजकुमार भी आ गया और सिपाही दिनेश की पिटाई शुरू कर दी। रविंद्र ने बचाव किया तो दोनों पिता-पुत्र ने दोनों सिपाहियों की पिटाई कर दी।
रविंद्र ने रवि को पकड़ने की कोशिश की तो उसने दांत काटकर जख्मी कर दिया। वहां पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों पिता-पुत्र को काबू किया। पुलिसकर्र्मियों ने जख्मी सिपाहियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पुलिस ने रविंद्र के बयान पर पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।