Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Amrit Sarovar' scheme hits a snag in Nuh; ponds remain in poor condition despite an

Delhi NCR News: नूंह में अमृत सरोवर योजना को लगा ग्रहण, 8.72 करोड़ खर्च फिर भी तालाब बदहाल

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 10:46 PM IST
विज्ञापन
- नूंह जिले के 16 तालाबों के जीर्णोद्धार पर खर्च हुए 8.72 करोड़ रुपये, देखरेख के अभाव में बिगड़ी हालत; सिंगार के चांदाल और अटेरना शमशाबाद के स्कूल वाले जोहड़ में सुविधाएं हुईं बदहाल
विज्ञापन


रिजवान खान
नूंह।
जिले में अमृत सरोवर योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित हुए 16 तालाब अब भी बदहाली के आंसू बहा रहे हैं। जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से 8.72 करोड़ रुपये खर्च कर तालाबों को मॉडल के रूप में बनाया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में कहीं गंदगी का अंबार लगा है तो कहीं लाखों रुपये की लागत से बनाई गई सुविधाएं खराब हो चुकी हैं। वर्ष 2025 में पंचायतों को सौंपे गए इन तालाबों की दुर्दशा ने योजना के क्रियान्वयन और सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांवों के तालाबों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाकर जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। 2025 में रखरखाव के लिए पंचायतों को सौंपे गए इन तालाबों की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है।
विज्ञापन

सिंगार गांव में खर्च किए एक करोड़, तालाब में लगा कूड़े का ढेर
सिंगार गांव में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित चांदाल तालाब इसकी बदहाली की तस्वीर बयां कर रहा है। तालाब को साफ-सुथरा रखने और जल संरक्षण के उद्देश्य से विकसित करने पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन आज इसमें गंदगी और कूड़े का ढेर लगा हुआ है। आसपास के क्षेत्रों का कचरा भी तालाब में डाला जा रहा है। पानी से उठती दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और संबंधित विभाग की अनदेखी के चलते तालाब की यह स्थिति बनी है। जिस तालाब को गांव की सुंदरता बढ़ाने और जल संरक्षण का माध्यम बनना था, वह अब गंदगी का केंद्र बनता जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

अटेरना शमशाबाद गांव के तालाब किनारे लगी टाइलें टूटीं : इसी तरह अटेरना शमशाबाद गांव के स्कूल वाले जोहड़ की स्थिति भी योजना के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। इस तालाब के जीर्णोद्धार पर 27.76 लाख रुपये खर्च किए गए थे। तालाब के चारों ओर लोगों की आवाजाही के लिए बनाए गए टाइलों के रास्ते कई जगह से टूट चुके हैं। वहीं, रोशनी के लिए लगाई गई ट्यूबलाइटें भी पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। देखरेख के अभाव में लाखों रुपये खर्च करके तैयार की गई सुविधाएं धीरे-धीरे खराब हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के समय तालाब को विकसित करने के जो दावे किए गए थे, उनकी तस्वीर अब धरातल पर दिखाई नहीं देती।
सरपंच बोले-निर्माण एजेंसियों ने काम भी पूरे नहीं किए : दरअसल, 2021 से 2023 के बीच जिले के 16 तालाबों को मॉडल पाउंड के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिली थी। इनमें बीवां के दो, सिंगार के दो तथा चितौड़ा, हसनपुर, शमशाबाद, कुलताजपुर, नई, ख्वाजली कला, फिरोजपुर मेव, मानुवास, उदाका, चिलावली, सिलखोह और उजीना के एक-एक तालाब शामिल हैं। योजना के तहत तालाबों से गाद निकालने, पानी की सफाई की व्यवस्था करने, गाय घाट, पक्का रास्ता, चारदीवारी, पौधरोपण और लाइट लगाने जैसे कार्य किए जाने थे। वर्ष 2025 में काम पूरा होने के बाद इन्हें ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया। हालांकि, सरपंचों का आरोप है कि निर्माण एजेंसियों ने कई जगह निर्धारित कार्य भी पूरे नहीं किए।

पंचायतों ने कहा, देखरेख और मरम्मत के लिए नहीं दिया बजट :
ग्राम पंचायतों का कहना है कि तालाबों की देखरेख और मरम्मत के लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं, ग्रामीणों का सवाल है कि जब करोड़ों रुपये खर्च करके तालाब विकसित किए गए तो उनके रखरखाव की स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई। बुधवार को नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की ओर से इन मॉडल पाउंड को जनता को समर्पित किया गया, लेकिन जमीनी स्थिति सरकारी दावों और वास्तविकता के बीच अंतर दिखा रही है। वहीं, जिला उपायुक्त अखिल पिलानी का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाकर जांच कराई जाएगी। यदि कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित विभाग को निर्देश देकर उसे जल्द ठीक कराया जाएगा।

जिले के इन गांवों में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों पर हुआ काम

गांव का नाम - तालाब का नाम- कितनी राशि हुई खर्च
सिंगार - चांदाल- 103.12 लाख
सिंगार - चंदोखर - 47.82 लाख
अटेरना शमशाबाद - बोहरा वाला जोहड़ - 27.76 लाख
कुलताजपुर कला - बड़ा जोहड़ - 75.95 लाख
हसनपुर नूह - छोटा जोहड़ - 37.57 लाख
नई - पोखर तालाब- 44.23 लाख
फिरोजपुर मेव - बिजली वाला - 70.52 लाख
मानुवास - मंदिर वाला - 49.19 लाख
बीवां - रजबाला कुआं वाला - 36.55 लाख
उदाका - कब्रिस्तान वाला - 28.21 लाख
चिलावली - बड़ा जोहड़ - 97.96 लाख
बीवां - दरगाह वाला - 41.84 लाख
सिलखो - जोहड़ - 51.73 लाख
चितोडा - चितोडा वाली जोहड़ - 54.65 लाख
उजीना - बड़ा जोहड़ - 73.79 लाख
ख्वाजली कला - बड़ा तालाब - 31.89 लाख
चांदाल तालाब पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद यहां गंदगी का अंबार लगा है। आसपास का कूड़ा तालाब में डाला जा रहा है। बदबू के कारण लोगों का यहां से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है।
- वसीम अधिवक्ता, सिंगार।
स्कूल वाले जोहड़ पर 27.76 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन टाइलों के रास्ते टूट चुके हैं और ट्यूबलाइट खराब हो चुकी हैं। इसकी नियमित देखरेख नहीं हो रही।
- अरबाज, ग्रामीण।

योजना के तहत एजेंसियों ने कई जगह पूरा काम नहीं किया। तालाब पंचायत को सौंप तो दिए गए, लेकिन रखरखाव और मरम्मत के लिए अलग से राशि नहीं मिली। बिना बजट के नियमित देखरेख करना मुश्किल है।

निज्जू ऊर्फ निजाम, सरपंच अटेरना।
सरकार को केवल तालाब बनवाकर जनता को समर्पित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इनकी नियमित सफाई, पानी की व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि जल संरक्षण पर खर्च हुई राशि का वास्तविक लाभ मिल सके।
- मोहम्मद मुबारिक, ग्रामीण।

फोटो- अटेरना गांव का बदहाल तालाब

गंदगी में तब्दील सिंगार गांव का तालाब
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed