संकट में सांसें: बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंचा वायु प्रदूषण, नेहरु नगर-आनंद विहार में AQI 400 पार
सीपीसीबी के अनुसार सोमवार तक हवा मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी। शनिवार को हवा विभिन्न दिशाओं से चलने का अनुमान है। ऐसे में हवा की चाल 10 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटे रहेगी।
विस्तार
राजधानी में प्रदूषण के हॉटस्पॉट इलाकों में वायु प्रदूषण बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। इससे लोग प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। शुक्रवार को नेहरु नगर इलाके में सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक 425 (एक्यूआई) रिकॉर्ड किया। यही नहीं, 10 के करीब हॉटस्पॉट इलाकों में अधिकतम एक्यूआई बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक हवा की दिशा व गति बदलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 183 दर्ज किया गया। यह मध्यम श्रेणी में है। ऐसे में हवा 6 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा से चली। इससे अधिकतर इलाकों में एक्यूआई 200 के पार रहा।
सीपीसीबी के अनुसार सोमवार तक हवा मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी। शनिवार को हवा विभिन्न दिशाओं से चलने का अनुमान है। ऐसे में हवा की चाल 10 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटे रहेगी। साथ ही, रविवार को हवा पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं। वहीं, सीपीसीबी के मुताबिक सबसे साफ हवा गुरुग्राम में रही। यहां एक्यूआई 96 दर्ज किया गया, यह संतोषजनक श्रेणी में है। साथ ही, फरीदाबाद में 102, गाजियाबाद में 211, नोएडा में 228, ग्रेटर नोएडा में 212 एक्यूआई रहा।
इलाके एक्यूआई
नेहरु नगर------------425
आनंद विहार----------401
विवेक विहार----------383
आरके पुरम-----------363
रोहिणी--------------358
नरेला---------------332
वजीराबाद------------318
बवाना--------------315
द्वारका--------------304
अखोला-------------311
मुंडका--------------237
(नोट: यह आंकड़े सीपीसीबी के हैं)
शनिवार को आसमान में छाए रहेंगे हल्के बादल
दिल्ली में शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, शुक्रवार को सुबह से ही धूप खिली रही। इससे लोग गर्मी से परेशान दिखे। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक के साथ 36.5 डिग्री रिकॉर्ड किया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक के साथ 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।