{"_id":"69e7035c3beeb288a80b6e8d","slug":"addicts-attack-family-in-sonia-vihar-with-knives-rods-after-complaint-over-drug-use-near-house-3-injured-2026-04-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"नशे का विरोध करने पर दबंगों का कहर: घर में घुसकर लाठी-डंडे, चाकू-रॉड से हमला, दो बेटे-एक बेटी और मां घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नशे का विरोध करने पर दबंगों का कहर: घर में घुसकर लाठी-डंडे, चाकू-रॉड से हमला, दो बेटे-एक बेटी और मां घायल
Tue, 21 Apr 2026 10:26 AM IST
Vijay Singh Pundir
आईएएनएस, नई दिल्ली
आईएएनएस, नई दिल्ली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Tue, 21 Apr 2026 10:26 AM IST
सार
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी लड़के उनके बराबर वाले खाली प्लॉट में बैठकर रोजाना नशा करते थे। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी। इसको लेकर आरोपी परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे।
विज्ञापन
दबंगों ने परिवार पर किया हमला
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में नशा करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोपियों ने पहले पीड़ित परिवार की एक कार में आग लगा दी। इसके बाद पीड़ित परिवार के घर में घुसकर लाठी, डंडों, रॉड और चाकू से हमला किया।
विज्ञापन
आरोपी पीड़ितों को सड़क पर घसीटकर ले आए। इसके बाद पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में आर्यन (22), इसका बड़ा भाई अरुण (31), मां रिटा कश्यप (54) और बहन प्रिया (26) बुरी तरह जख्मी हो गए। आर्यन को छह चाकू लगे हैं, जबकि बाकी के सिर में रॉड व दूसरे हिस्सों में चोट लगी है। घायलों को पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से आर्यन को जीटीबी रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
आर्यन की हालत गंभीर बनी है। बाकी सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने परिजनों के बयान लेकर घर में घुसकर हमला करने, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हमले के बाद सभी आरोपी फरार हैं। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। उसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी लड़के उनके बराबर वाले खाली प्लॉट में बैठकर रोजाना नशा करते थे। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी। इसको लेकर आरोपी परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे। पीड़ित अरुण ने बताया कि वह दुर्गा मंदिर के पास, जंगल रोड, चौथा पुश्ता, सोनिया विहार में परिवार के साथ रहता है। इसके परिवार में पिता पप्पू कश्यप, मां रिटा, बहन प्रिया के अलावा भाई आर्यन है। परिवार का अपना कारोबार है। इनके पड़ोस में रहने वाले लड़के अक्सर घर के पास खाली प्लॉट में शराब पीने के अलावा शोर-शराबा करते हैं। परिवार ने कई बार इसको लेकर विरोध जताया है। पुलिस से इसकी शिकायत भी की गई।
अरुण ने बताया कि रविवार को इन लड़कों ने प्लॉट में पार्टी की। बाद में देर रात को अरुण की होंडा अमेज कार में आग लगा दी। अरुण ने इसका विरोध जताया तो आरोपियों ने देख लेने की धमकी दी। इस बीच सोमवार देर आरोपियों ने परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।