50 घरों में दौड़ा करंट, तीन महिलाओं सहित 10 झुलसे
धनौरी कलां गांव में शुक्रवार को एलटी लाइन में हाईटेंशन करंट आने से लगभग 50 घरों में तीन महिलाओं समेत दस लोग झुलस गए। घायलों का ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों के साथ बीकेयू भानु के कार्यकर्ताओं ने दनकौर के बिजली घर पर जमकर हंगामा करते हुए कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बाद में मौके पर पहुंचे विभाग के एसडीओ ने लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया।
क्षेत्र के धनौरी कलां गांव में यूपीपीसीएल की तरफ से बिजली सप्लाई की जाती है। शुक्रवार दोपहर गांव की एलटी लाइन से हाईटेंशन लाइन छू गई। इससे करीब 50 घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आकर रेखा, ज्योति, अमित, गणेश और हरेंद्र समेत करीब 10 लोग घायल हो गए।
इन्हें परिजनों ने दनकौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां सभी की हालत ज्यादा खराब होने से डॉक्टरों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे में ग्रामीणों के एलईडी, फ्रिज, बल्ब, पंखे, कूलर आदि उपकरण भी फुंक गए।
आरोप है सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी गांव नहीं पहुंचा। इसके विरोध में ग्रामीणों और बीकेयू भानु के कार्यकर्ताओं ने बिजली घर पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
इसके बाद बिजलीघर पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान राजेंद्र समसपुर, महकार नागर, राजीव नागर, जयवीर, हेमी, राजकुमार, गणेश ठाकुर, वीरेंद्र, जयभगवान, सतीश और अमिताभ समेत कई लोग मौजूद रहे।
चार माह पहले भी हुआ हादसा
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार महीने पहले भी ऐसी घटना होने से 10 लोग घायल हो गए थे। इसके बावजूद भी विभागीय अफसरों ने लाइन को ठीक नहीं कराया है। इससे दोबारा ऐसा दुर्घटना हो गई।