आप सरकार का दावा, सिसोदिया के खिलाफ CBI जांच मामले में तथ्य ही गलत हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई की तरफ से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ प्राथमिक जांच (पीई) शुरू करने के मामले में दिल्ली सरकार का कहना है कि जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उसमें ज्यादातर गलत हैं। टॉक टू एके कार्यक्रम का सोशल मीडिया कंपेन करने के लिए कोई कंसल्टेंट नियुक्त नहीं किया गया था। न ही इसमें कोई डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
दिल्ली सरकार के प्रवक्ता नागेंद्र शर्मा का कहना है कि टेंडर के माध्यम से सरकार के प्रचार-प्रसार के लिए परफेक्ट रिलेशन एजेंसी का चयन किया गया था। जब मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया संवाद की बात कही तो एजेंसी से बात की गई।
एजेंसी सोशल मीडिया में इसका प्रचार करने के लिए तैयार हो गई। गूगल, हैंगआउट या फेसबुक पर विज्ञापन के लिए एडवांस और क्रेडिट कार्ड से भुगतान करना होता है। इस एजेंसी ने उसका भुगतान किया, वही बिल सरकार को 98 लाख रुपये का दिया है। उसमें कोई सर्विस चार्ज नहीं जोड़ा है। इस बिल का भुगतान भी अभी तक सरकार ने नहीं किया है।
'किसी अन्य एजेंसी से काम कराते तो टेंडर करना पड़ता'
उन्होंने बताया कि अगर किसी अन्य एजेंसी से काम कराते या पैसे देकर काम कराते तो टेंडर करना पड़ता। फिर वित्त विभाग ने जो आपत्तियां दर्ज कराई थीं, उसे दिल्ली कैबिनेट ने ओवररूल कर दिया था। फिर वित्त सचिव को सलाह देने का अधिकार है, लेकिन उन्हें मना करने का अधिकार नहीं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता से सीधे संवाद करने के लिए टॉक टू एके कार्यक्रम किया था। उसके सोशल मीडिया प्रचार का काम एक जनसंपर्क एजेंसी को सौंपा था, इसमें तत्कालीन प्रधान वित्त सचिव धर्मेंद्र कुमार ने आपत्ति दर्ज की थी।
उसी आधार पर उच्च न्यायालय के आदेश पर उपराज्यपाल नजीब जंग ने वीके शुंगलू कमेटी से जिन फाइलों की जांच कराई, उसमें टॉक टू एके भी शामिल थे। जंग ने ही सीबीआई को इसकी जांच के लिए मामला भेजा था।
सीबीआई ने पुराने सचिवालय दफ्तर में की छापेमारी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के टॉक टू एके कार्यक्रम में अनियमितता की प्राथमिक जांच सीबीआई ने शुरू कर दी। बृहस्पतिवार को सीबीआई की टीम दिल्ली सूचना एवं प्रचार निदेशालय (डीआईपी) के पुराना सचिवालय दफ्तर पहुंच गई। टीम ने निदेशक, उप निदेशक समेत तमाम डीआईपी अधिकारियों से पूछताछ की और कागजात की पड़ताल की।
सीबीआई टीम डीआईपी दफ्तर शाम करीब साढ़े पांच बजे पहुंची। यहां चार सदस्यीय टीम लंबे समय तक रुकी रही। सीबीआई छापे की सूचना खुद मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके दी। सिसोदिया ने लिखा, सीबीआई की टीम दिल्ली सरकार के विज्ञापन विभाग पहुंची।
मोदी जी! मैं तो सुबह से अपने घर और दफ्तर में इंतजार कर रहा था। आपकी ये सीबीआई-धमकी पंजाब में आपके चहेते ड्रग माफिया मजीठिया को नहीं बचा पाएगी। उसकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
कागजात की पड़ताल के अलावा अधिकारियों से की पूछताछ
सीबीआई छापे के पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आज मनीष इंतजार करते रहे, सीबीआई नहीं आई। अभी तक लोग सीबीआई से डरते थे, पहली बार सीबीआई किसी से डर रही है।
वहीं छापे की सूचना मिलने के बाद केजरीवाल ने लिखा कि मोदी जी सीबीआई और आरबीआई को हास्यास्पद बना रहे हैं। दूसरे ट्वीट में लिखा कि अब मनीष सिसोदिया के खिलाफ एक सीबीआई केस। क्या आम आदमी पार्टी ने बीजेपी की रात की नींद हराम कर दी है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सुबह कहा, सारा देश जानता है कि ये कार्रवाई क्यों हो रही है। हम पंजाब और गोवा जीत रहे हैं। इनसे यूपी नहीं जीती जा रही है। मुझे नहीं लगता कि इनका कोई राजनीति भविष्य बचा है। ये बौरा गए हैं। मैं कहता हूं, मोदी जी मैदान में आइए आपको पता चलेगा कि किससे पंगा लिया है।
मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी कहा है कि पंजाब चुनाव के पहले सनसनी फैलाने और आप के अभियान को बाधित करने के लिए केंद्र सरकार ने सीबीआई को दिल्ली सरकार के पीछे लगाया है। अगर कुछ करना था तो यह छह महीने पहले या चार फरवरी के बाद किया जा सकता था। लेकिन यह पंजाब चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
आप ने सीबीआई केस के तार पंजाब से जोड़े
आम आदमी पार्टी ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई में दर्ज एफआईआर के तार पंजाब चुनाव से जोड़े हैं। इस मामले में आप ने नरेंद्र मोदी व पंजाब के नेता विक्रम सिंह मजीठिया के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया है।
पार्टी के मुताबिक, बीते मंगलवार को जैसे ही आप संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ड्रग का कारोबार करने के आरोपी मजीठिया को जेल भेजने की बात कही, केंद्र सरकार ने आप के दो मंत्रियों के पीछे सीबीआई लगा दी।
आप का दावा है कि पंजाब व गोवा में दिखती हार से भाजपा घबरा गई है। इसी बौखलाहट में सीबीआई का बेजा इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए आप प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पंजाब के ड्रग कारोबारी विक्रम सिंह मजीठिया के नजदीकी संबंध हैं। जैसे ही मजीठिया पर कोई आंच आई, प्रधानमंत्री खुद उसके बचाव में आ गए।
भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर बोला हमला
दिल्ली प्रदेश भाजपा ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई जांच के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया पर हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोदी फोबिया से ग्रस्त हैं और वह सीबीआई कार्रवाई से घबरा गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन प्रकरण से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दावों की पोल खुल गई है। वह वर्ष 2013 और 2015 के चुनाव से पहले कहते थे कि मेरी सरकार पारदर्शी होगी, हमेशा जनता की आलोचना का स्वागत करेगी।
यह समझ से परे है कि अब अरविंद केजरीवाल किसी भी प्रश्न का उत्तर देने को तैयार नहीं हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि टॉक टू एके कार्यक्रम के संबंध में कैबिनेट ने वित्त विभाग की प्रतिकूल टिप्पणियों को नजरअंदाज करते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।