आतिशी ने गौतम की चुनाव आयोग से की शिकायत, गंभीर बोले- आप करती है नकारात्मक राजनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर लगातार आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। आतिशी ने गंभीर के चुनाव प्रचार पर 72 घंटे का प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आतिशी ने कहा कि गौतम गंभीर ने अपने नामांकन से लेकर अब तक चार बड़े स्तर पर नियमों का उल्लंघन किया है। गंभीर को क्रिकेट के नियमों का तो ज्ञान है लेकिन चुनावी राजनीति की समझ उन्हें बिल्कुल नहीं है। इसी कारण उन्होंने पहले अपने नामांकन में दस्तावेज में गलतियां कीं और अभी दो वोटर आईडी कार्ड का मामला प्रक्रिया में ही है।
शनिवार को जंगपुरा में चुनाव आयोग की अनुमति के बिना रैली की जिस पर चुनाव आयोग में संज्ञान भी लिया है। इसके बाद भी गंभीर ने सबक नहीं लिया और रविवार को भी शाहदरा में चुनाव आयोग की अनुमति के बिना रैली की। इस बाबत चुनाव आयोग में शिकायत की गई है। उन्होंने दावा किया कि आज नहीं तो कल गौतम गंभीर की उम्मीदवारी निरस्त होना तय है।
आम आदमी पार्टी और उसके नेता करते हैं नकारात्मक राजनीति: गौतम गंभीर
पूर्वी दिल्ली के भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर का कहना है कि आम आदमी पार्टी और उसके नेता नकारात्मक राजनीति करते हैं। आप और उनकी प्रत्याशी आतिशी के पास कोई विजन नहीं है। इस तरह की राजनीति भाजपा नहीं करती है। उन्होंने कहा कि उनके पास केवल एक ही वोटर कार्ड है। जो राजेंद्र नगर क्षेत्र में है। काफी समय पहले अपने दादा दादी के साथ वे करोलबाग के रामजस रोड पर रहते थे, लेकिन उन्होंने कभी भी करोलबाग क्षेत्र से न तो वोटर कार्ड के लिए आवेदन किया है और न ही किसी चुनाव में कोई वोट डाला है। सत्य और झूठ के बीच का सच चुनाव आयोग का फैसला आने के बाद पूरे देश को पता चल जाएगा।
रविवार को पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में रोड शो के लिए पहुंचे गौतम गंभीर ने आप प्रत्याशी आतिशी के आरोपों को लेकर कहा कि करीब साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में आप सरकार ने कुछ नहीं किया। आरोप और शिकायतें करके अपनी मानसिकता को दिखा रहे हैं। पूर्वी दिल्ली को दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ लोकसभा क्षेत्र बनाना ही सपना है। भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों में बहुत अंतर है, जोकि होना भी चाहिए। हम चुनाव में सकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।
दरअसल पूर्वी दिल्ली से आप प्रत्याशी आतिशी ने कोर्ट में शिकायत दी है कि गौतम गंभीर के पास दो दो वोटर कार्ड हैं। ये दोनों ही वोटर कार्ड दिल्ली के राजेंद्र नगर और करोलबाग क्षेत्र के हैं। कानूनन दो वोटर कार्ड रखना अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए उन्होंने कोर्ट में गौतम गंभीर का नामांकन तत्काल रद्द करने की मांग की है। इसी पर गौतम गंभीर ने पलटवार करते हुए कहा कि आप पार्टी के पास कोई विजन नहीं है।