दिल्ली डायलॉग के वाइस चेयरमैन पद से आशीष खेतान का इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) नेता आशीष खेतान ने डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन ऑफ दिल्ली (डीडीसीडी) के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। आप सरकार बनने के बाद कमीशन के गठन के वक्त से ही खेतान इस पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
खेतान ने निजी वजहों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। उधर, पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद खेतान ने इस्तीफा दिया है। इसका कोई सियासी मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए।
हालांकि, पार्टी का आरोप है कि डीडीसीडी जिस सोच को लेकर बना था, उसमें उपराज्यपाल अड़चनें डाल रहे हैं। पत्रकार से नेता बने आशीष खेतान को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है।
यही वजह रही कि तीन साल पहले उन्हें आप सरकार की सलाहकार इकाई डीडीसीडी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, करीब दस महीने से वह मुख्यमंत्री की राजनीतिक सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री की नेताओं से माफी मांगकर मुकदमे खत्म कराने के पीछे खेतान की सोच ही काम रही थी। पंजाब के नेताओं के साथ समझौते की मेज पर भी वही बैठे थे।
इस सबके बीच खेतान ने इस्तीफा दे दिया है। बकौल खेतान, वह डीडीसी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। यह 16 अप्रैल से प्रभावी है। पिछले तीन सालों में दिल्ली के हित में सार्वजनिक नीतियां बनाने व प्रशासनिक सुधार के कई मौके मिले। इसके लिए उन्होंने केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया है।
खेतान ने बताया कि वह कानूनी पेशे से जुड़ रहे हैं। इसलिए दिल्ली बार काउंसिल से पंजीकरण कराना है। काउंसिल का नियम है कि निजी या सरकारी नौकरी करने वाला कोई व्यक्ति वकालत नहीं कर सकता। ऐसे में इस्तीफा देना अनिवार्य हो गया है।