Delhi: 350 रुपये के लिए नाबालिग बदमाशों ने 12वीं के छात्र को चाकू से गोदा, ट्यूशन पढ़कर लौट रहा था घर
पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस पकड़े गए लड़कों से पूछताछ कर इनके भागे हुए साथी की तलाश कर रही है।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में ट्यूशन पढ़कर लौट रहे 12वीं कक्षा के छात्र को पांच लड़कों ने चाकू मारकर लूट लिया। आरोपियों ने महज 350 रुपये लूटने के लिए 17 साल के छात्र को कई चाकू मारे। बाद में आरोपी फरार हो गए। पीड़ित को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने छात्र का बयान लेकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। बाद में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच पड़ताल के बाद 14 से 16 साल के चार नाबालिगों को दबोच लिया गया। इनका पांचवां साथी फरार है। पुलिस ने इनके खिलाफ लूट का मामला भी दर्ज कर लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 15 दिसंबर की रात को कबीर नगर का रहने वाला छात्र ट्यूशन पढ़कर रात 10 बजे अपने घर की ओर जा रहा था। इस बीच रास्ते में उसे पांच लड़कों ने रोक लिया। आरोपियों ने उससे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक लड़के ने चाकू निकालकर छात्र पर कई वार कर दिए।
बाद में छात्र के पास मौजूद 350 रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए।
राहगीरों ने पुलिस को खबर देने के बाद छात्र को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उसका बयान लेकर मामला दर्ज किया। जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया। छानबीन के बाद पुलिस ने चार लड़कों की पहचान कर रविवार को उनको दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस पकड़े गए लड़कों से पूछताछ कर इनके भागे हुए साथी की तलाश कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया।