Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   A digital survey of Trunk Drain-1 will be conducted to address waterlogging in the Yamunapar area.

Delhi NCR News: यमुनापार में जलभराव से निपटने के लिए ट्रंक ड्रेन-1 का होगा डिजिटल सर्वे

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 09:18 PM IST
विज्ञापन
3डी मॉडल और जीआईएस नक्शे से पता चलेगी नाले की गहराई, गाद की मात्रा और पानी के बहाव की स्थिति, 15 दिन में सर्वे पूरा करने का लक्ष्य
विज्ञापन


मोहित शुक्ला

पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में बारिश के दौरान सड़कों और कॉलोनियों में होने वाले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग नालों की सफाई की व्यवस्था को तकनीक आधारित बनाने जा रहा है। इसके तहत ट्रंक ड्रेन-1 का आधुनिक तकनीक से बाथमीट्रिक और हाइड्रोग्राफिक सर्वे कराया जाएगा। पहली बार नाले की तलहटी की गहराई, जमा गाद, पानी के बहाव और उसकी वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
सर्वे के आधार पर 3डी मॉडल और जीआईएस आधारित नक्शा बनाया जाएगा, जिससे जल निकासी में बाधा वाले स्थानों की सटीक पहचान हो सकेगी। विभाग ने कांति नगर ब्रिज से टाटा टेलीको तक नाले के 5.260 किलोमीटर लंबे हिस्से का सर्वे कराने की तैयारी की है। करीब 2,49,760 वर्ग मीटर क्षेत्र में होने वाले इस सर्वे से यह पता चलेगा कि नाले के किस हिस्से में कितनी गाद जमा है और कहां सफाई या मरम्मत की जरूरत है।
विज्ञापन


ईको साउंडर और जीपीएस तकनीक से होगी माप
सर्वे में डिजिटल सिंगल बीम ईको साउंडर और डीजीपीएस/आरटीके-जीएनएसएस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। ईको साउंडर से पानी के भीतर नाले की तलहटी की गहराई मापी जाएगी, जबकि जीपीएस आधारित तकनीक से प्रत्येक माप की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज होगी। सर्वे में 0.5 मीटर के कंटूर अंतराल पर तलहटी का विवरण तैयार किया जाएगा। इसके अलावा हर 15 मीटर पर नाले का क्रॉस सेक्शन लिया जाएगा। जहां पानी की गहराई कम होगी या मशीन से माप लेना संभव नहीं होगा, वहां विशेष रॉड और सर्वे बोट की मदद ली जाएगी। पुलों, कल्वर्ट और अन्य संरचनाओं के आसपास भी पानी के प्रवाह की स्थिति का आकलन किया जाएगा। महत्वपूर्ण स्थानों की जियो टैग्ड तस्वीरें भी ली जाएंगी। माप में अधिकतम 100 मिलीमीटर तक की सटीकता का मानक निर्धारित किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जरूरत के अनुसार होगी सफाई, घटेगा अनावश्यक खर्च
फिलहाल कई जगह नालों की सफाई मौके पर दिखाई देने वाली स्थिति और उपलब्ध जानकारी के आधार पर की जाती है। इससे गाद की वास्तविक मात्रा का आकलन नहीं हो पाता और सफाई के बाद भी जल निकासी की समस्या बनी रहती है। डिजिटल सर्वे से विभाग को सफाई की जरूरत वाले हिस्सों की प्राथमिकता तय करने में मदद मिलेगी।
-जिन स्थानों पर अधिक गाद जमा होगी, वहां पहले सफाई कराई जा सकेगी। वहीं नाले की गहराई या संरचना में खामी मिलने पर मरम्मत और सुधार के काम को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे मशीनों, श्रमिकों और अन्य संसाधनों का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल होगा। सफाई के बाद दोबारा सर्वे कराकर निकाली गई गाद की मात्रा और काम की गुणवत्ता की जांच भी की जा सकेगी।

पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लिए अहम है ड्रेन
ट्रंक ड्रेन-1 यमुनापार की जल निकासी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विभाग के ड्रेनेज मास्टर प्लान में ट्रांस यमुना क्षेत्र को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के प्रमुख जल निकासी क्षेत्रों में शामिल किया गया है। इस व्यवस्था में ट्रंक ड्रेन-1 के अलावा ट्रंक ड्रेन-2, शाहदरा आउटफॉल ड्रेन, गाजीपुर ड्रेन और शाहदरा लिंक ड्रेन भी शामिल हैं। विभाग ने सर्वे का काम 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed