Delhi: मंडावली में 72 साल की महिला की सुआ घोंपकर हत्या, शरीर पर दर्जन भर से ज्यादा किए गए वार
घटना के समय महिला अपने मंडावली स्थित मकान से किराया वसूलने के बाद स्कूटी से वापस लक्ष्मी नगर स्थित अपने घर लौट रही थीं। परिवार ने सुधा की दुकान के आगे रेहड़ी लगाने वाली महिला पर उनकी हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े स्कूटी सवार एक बुजुर्ग महिला की सुए के 12 से अधिक वार कर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त सुधा गुप्ता (72) के रूप में हुई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हमले के बाद महिला को प्रीत विहार स्थित मेट्रो अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने सुधा को मृत घोषित कर दिया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात के समय सुधा अपने मकान का किराया लेकर मंडावली से लक्ष्मी नगर स्थित घर लौट रही थीं। परिजनों ने मंडावली में दुकान के बाहर रेहड़ी लगाने वाली एक महिला पर बुजुर्ग की हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
मंडावली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस परिजनों के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक सुधा अपने परिवार के साथ गुरु नानकपुरा, लक्ष्मी नगर में रहती थीं। इनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी हैं। बुजुर्ग महिला के पति विजयपाल की मौत हो चुकी हैं। इनके तीन में से दो बेटे डॉक्टर हैं। एक परिजन ने बताया कि सुधा गुप्ता की मंडावली में प्रॉपर्टी है।
प्रॉपर्टी के आगे रेहड़ी लगाने वाली महिला पर हत्या करवाने का आरोप
खबर मिलते ही महिला के परिजन रोते हुए वहां पहुंच गए। महिला के बेटे ने आरोप लगाया कि मंडावली में इनकी दुकान के बाहर एक महिला काफी समय से रेहड़ी लगाती है। इनकी मां ने महिला को रेहड़ी लगाने के लिए मना किया था। इस बात पर उससे तू-तू-मैं-मैं हुई थी। महिला ने इनकी मां को जान से मारने की धमकी दी थी।
परिवार ने उस पर ही हत्या करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस परिवार के आरोपों की जांच कर रही है। बाकी महिला से लूटपाट की बात से इंकार किया गया जा रहा है। दिन-दहाड़े हुए हत्या के बाद पूरे एरिया में लोग वारदात की चर्चा करते दिखे। पुलिस आसपास मौजूद लोगों की भी तलाश करने का प्रयास कर रही है।
शुरुआत में पुलिस बताती रही सड़क हादसा...
हादसे के बाद परिवार फौरन अस्पताल पहुंच गया। महिला को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों ने बताया कि उन पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। लेकिन पुलिस ने धारदार हथियार से हमले की बात को नकार दिया। पुलिस इसे साधारण सड़क हादसा बताती रही। बुजुर्ग सुधा गुप्ता के बायी ओर चेहरे, छाती, कमरे, चेहरे और कूल्हे पर जख्म थे। पुलिस की टीम जांच करते हुए मैक्स अस्पताल पहुंची। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि किसी नुकीली वस्तु से महिला पर हमला किया गया। जिसकी वजह से उनकी मौत हुई। महिला का कोई भी जख्मी सड़क हादसे का नहीं है। डॉक्टरों से बातचीत के बाद पुलिस ने बाद में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।