मुनिकीरेती थानाक्षेत्र के शीशमझाड़ी में झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के तुरंत बाद एक युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में जमकर तोड़फोड़ की। लोगों की नजर बचाकर झोलाछाप मौके से फरार हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सुनील पाल (35) पुत्र घसीटू पाल निवासी गली नंबर-12, शीशमझाड़ी के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। युवक इलाज के लिए घर के पास ही स्थित एक क्लीनिक में पहुंचा। परिजनों के मुताबिक यहां स्वयं को डाक्टर बताने वाले मृत्युंजय ने सुनील को दो इंजेक्शन लगाए। सुनील इंजेक्शन लगाने के बाद घर लौट रहा था। वह कुछ कदम ही चला था कि अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। आनन फानन में उसको एसपीएस राजकीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर क्लीनिक के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। कुछ ही देर में गुस्साए लोगों ने क्लीनिक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस बीच मौका पाकर झोलाछाप मृत्युंजय क्लीनिक से फरार हो गया। हंगामे की सूचना पर कैलास गेट चौकी प्रभारी योगेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया परिजनों से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिजनों ने बताया कि सुनील विवाहित है, उसके दो बच्चे हैं। वह ऑटो चलाकर पूरे परिवार का भरण पोषण करता था।