Youth Day 2021: देहरादून पहुंचे कुमार विश्वास ने कांग्रेस-भाजपा पर किए व्यंग्य, लगे खूब ठहाके
- सीएम आवास के जनता दर्शन हॉल में राष्ट्रभक्ति कवि सम्मेलन में कई लोकप्रिय कवियों ने की शिरकत
- कुमार विश्वास की प्रेम पर लिखी कविताओं ने श्रोताओं का जीता दिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय युवा दिवस पर संस्कृति विभाग की ओर से मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दर्शन हॉल में राष्ट्रभक्ति कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास के हास्य व्यंग्यों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनके व्यंग्य बाण से कांग्रेस और भाजपा भी अछूते नहीं रहे। वहीं, उन्होंने प्रेम की कविताओं से भी श्रोताओं का दिल जीता।
कुमार विश्वास प्रस्तुति देने जैसे ही मंच पर पहुंचे तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा। कुमार ने किसी के दिल की मायूसी जहां से होकर गुजरी है.., कोई दीवाना कहता है, कोई पागल समझता है.., स्वयं से दूर हो तुम भी, स्वयं से दूर हैं हम भी... आदि कविताओं से सभी का मन मोह लिया। उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा परिस्थिति पर भी खूब हास्य व्यंग्य के शब्द बाण छोड़े।
उन्होंने मोदी-शाह की जोड़ी पर भी हास्य व्यंग्य किया। कहा कि जोड़ी हो तो मोदी-शाह की, कांग्रेस को चुनाव में परास्त करते हैं। अगर वहां कमी रहे तो दूसरे तरीके अपनाने से भी पीछे नहीं हटते। इस दौरान कई बार सीएम और कई मंत्री असहज भी नजर आए। कुमार विश्वास ने मां गंगा पर लिखी कविता खिलौने तक जिंदगी के सफर तक, ये गंगा का किनारा है... प्रस्तुत की तो हर किसी ने मां गंगा के नजदीक होने पर गौरवान्वित महसूस किया।
मुख्य अतिथि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कविता किसी भी बात और भाव को व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है। किसी राजनेता में कवि का गुण होना मुश्किल है। पूर्व पीएम वाजपेयी में यह हुनर था, तभी देश ही नहीं दुनिया भी उनकी कायल रही। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जनता दर्शन हॉल में यह पहला आयोजन है।
सरकार कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात के साथ ही आमजन की जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है। इस अवसर पर शहर विकास मंत्री मदन कौशिक, वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक गणेश जोशी, विधायक खजानदास, सचिव दिलीप जावरकर, सचिव राधिका झा व अन्य नेता, अधिकारी उपस्थित रहे।
विश्वास बोले- कहीं राजनीति में न आ जाऊं
प्रस्तुति के दौरान कुमार विश्वास व्यंग्य करते हुए सीएम से बोले- भूमिका तो इधर से उधर होती ही रहती है। कहीं, कल ऐसा न हो कि आप कविता करें और मैं राजनीति में नजर आऊं। इसमें श्रोताओं को कुमार विश्वास के राजनीति में प्रवेश करने की अटकलें नजर आईं।
इन्होंने भी दी प्रस्तुति
कवियित्री कविता तिवारी ने बेटियों के सम्मान में कविता न होती तो यह प्रस्तुति न होती.., हर बच्चा विवेकानंद बन बजाए.. कविता पड़ी। राजीव राज ने उमरिया एक सड़क वीरान, कहां है मंजिल किसको ज्ञान.. से आमजन की असल जिंदगी को छुआ। इसके बाद रमेश मुस्कान ने कविता तिवारी की हर बच्चा विवेकानंद बन जाए... कविता पर चुटकी लेते हुए बोले- हर बच्चा विवेकानंद बन जाएगा तो राजनीति कौन करेगा.. यह सुनते ही श्रोता ठहाके लगाने लगे।
उन्होंने हास्य कविता के माध्यम से कोरोना महामारी, महंगाई व कई समस्याओं को हंसी भरे अंदाज में सुनाया। इस पर सीएम समेत कई मंत्री भी खुद को हंसने से नहीं रोक पाए। तेज नारायण शर्मा बेचैन ने हास्य व्यंग्य से श्रोताओं को खूब हंसाया। उन्होंने कहा कि हमने पहले 10 साल ऐसे पीएम (मनमोहन सिंह) को झेला जो कुछ बोलते नहीं थे, लेकिन अब पीएम मोदी को देख रहे हैं, जो रुकते ही नहीं हैं। इस पर भी श्रोता जमकर हंसते और तालियां बजाते नजर आए।