जानिए, CM योगी के 6 महीने के कार्यकाल पर क्या बोले पिता आनंद सिंह?
उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के छह माह पूरे हो गए। इस पर अमर उजाला ने उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट से बातचीत करके उनकी राय जानी। फोन पर हुई वार्ता में उन्होंने कहा योगी सरकार के छह महीने का कार्यकाल मेरी नजर बेहद सफल रहा।
बातचीत में उन्होंने कहा कि हालांकि योगी आदित्यनाथ काफी पहले ही संन्यास ले चुके हैं, इस कारण परिवार से उनका मेलमिलाप पहले ही कम हो गया था, और अब तो उत्तरप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके पास परिवार के लिए समय और भी कम हो गया है। वे इस वक्त देश की सेवा कर रहे हैं। कहते हैं कि मैं खुश हूं, योगी अपने काम को बेहद अच्छे ढंग से निभा रहा है।
योगी के पिता आनंद सिंह से जब पूछा गया कि वे अपने बेटे को बतौर मुख्यमंत्री कितने अंक देना चाहेंगे तो जवाब में वे कहते हैं कि योगी पूरे नंबर के हकदार हैं। हालांकि उन्होंने आगे यह भी कहा कि कुछ तथाकथित लोग टीवी चैनल के जरिए उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, लेकिन इससे उनकी लोकप्रियता और काबलियत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला।
आगे, जानिए कब मिलेंगे बेटे योगी से
बातचीत के दौरान आनंद सिंह बिष्ट ने कहा कि वे योगी आदित्यनाथ से बात करना चाहते हैं, मिलना भी चाहते हैं, लेकिन बेटे के पास अभी उनके लिए समय कम है। लेकिन जल्द ही वे उनसे मुलाकात करने जाएंगे। आनंद सिंह बिष्ट ने बताया कि दशहरे के मौके पर वे परिवार समेत योगी आदित्यनाथ से मिलने जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटे से आखिरी मुलाकात जून 2017 में हुई थी। उस वक्त वे उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देने पहुंचे थे। हालांकि इससे पहले ही उन्होंने फोन पर उनकी ताजपोशी के वक्त बधाई दे दी थी।
एक सवाल यूपी के सीएम योगी आदित्नाथ का उत्तराखंड अपने आवास (यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल) आने का कब विचार है? जवाब में पिता आनंद सिंह ने बताया कि अभी वे जो काम कर रहे हैं, उसमें व्यस्त हैं। हम लोग ही उनसे मुलाकात करने जाएंगे।