रुड़की: फाइनेंस कंपनी की फर्जी मुहर बनाकर लाखों की धोखाधड़ी में युवती समेत पांच पर केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की में कंपनी की फर्जी मुहर बनाकर लोगों से लाखों की धोखाधड़ी करने वाली एक युवती समेत पांच कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों के रहने वाले पांचों लाखों की धोखाधड़ी करने के बाद से ही फरार चल रहे हैं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कैपिटल ट्रस्ट कंपनी लिमिटेड महिलाओं के समूहों को रोजगार के लिए ऋण देती है।
साथ ही हर माह महिला समूह कंपनी में ऋण की किश्त जमा करते हैं। कुछ दिन पूर्व कंपनी ने एक युवती समेत पांच लोगों को काम से निकाल दिया था। निकलने से पहले पांचों ने कंपनी की फर्जी मुहर बनाकर महिला समूह की ओर से जमा की जाने वाली रकम अपने पास ही जमा कर ली।
साथ ही पासबुक पर फर्जी मुहर लगाकर महिला समूह को दे दी। इस मामले की जानकारी महिला समूह को लगी तो उन्होंने कंपनी पहुंचकर जिला मैनेजर से मामले की शिकायत की।
मैनेजर ने छानबीन की तो पता चला कि पांचों ने नौकरी छोड़ने से पहले लाखों की धोखाधड़ी की है। इस पर मैनेजर साउथ सिविल लाइंस निवासी रविंद्र सिंह ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी।
एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर साहिल पुत्र गिरीवर निवासी गांव रंधाल जिला सहारनपुर, प्रतीक कुमार पुत्र कैलाश चंद निवासी अलीपुर खुर्द बागरा जिला मुजफ्फरनगर, विकास यादव पुत्र वीर सिंह निवासी गांव चीलापुर नगला पथरी, जिला बिजनौर, रवि कुमार पुत्र सतपाल सिंह और सीमा देवी पुत्री कैलाश चंद्र निवासी मंझोल, जिला सहारनपुर के खिलाफ के धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पांचों की तलाश की जा रही है।