शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र के विरोध में क्षेत्रीय लोगों का क्रमिक अनशन बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन राजेश शर्मा, सतपाल धानिया, सपना शर्मा, आशा रावत, लक्ष्मी कठैत, निरंजन चौहान, रेखा भट्ट, नीति पंवार क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मांग पूरी नहीं होने पर क्रमिक अनशन को अनिश्चितकालीन भूूख हड़ताल में तब्दील करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे आंदोलन के बाद भी सरकार उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। प्लांट को खुलवाने के लिए गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिस कारण सरकार ने अब आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है। जल्द ही यदि प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया गया तो लोग सरकार की शव यात्रा निकाल प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी यदि प्लांट को नहीं हटाया गया तो लोगों को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को बाध्य होना पड़ेगा। कहा कि प्लांट से निकलने वाली दुर्गंध ने 10 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल कर दिया है। लोग खिड़की और दरवाजों को बंद कर घर में रहने को मजबूर हैं। धरना देने वालों में बीना बमराड़ा, विनीता रावत, पूनम पंवार, नीलम थापा, कुसुम भट्ट, नीमा जोशी, आशा कंडारी, सपना रावत, सुमित्रा सती, सुमित्रा रावत, सुभागा बैंजबाल, राहुल कुकरेती, नीमा कुलीयाल, संपत्ति रावत, मीना खंडूड़ी, अनुपा बिष्ट, रजनी चतुर्वेदी, निरंजन चौहान, सुधीर रावत, संदीप भंडारी, रविकांत सिंघल, रविंद्र भट्ट, शशि कुमार, ममता त्यागी, मोनू, शुभम सेतीया, आहना रावत, अंश रावत, कौशलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।