हरिद्वार: पैमाइश के लिए गई राजस्व विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने की फायरिंग, भागकर बचाई जान
हरिद्वार के लक्सर में मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पैमाइश करने गई चकबंदी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की और फिर फायरिंग कर दी। टीम के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। एसडीएम के आदेश पर चकबंदी लेखपाल की ओर से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
इन दिनों तहसील क्षेत्र के कई गांवों में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में खेड़ी खुर्द गांव में भी राजस्व और चकबंदी विभाग की ओर से चकबंदी का कार्य किया जा रहा है। खेड़ी खुर्द और मुंडाखेड़ा खुर्द गांव की सीमा एक दूसरे गांव से जुड़ी हुई है। कुछ दिनों पहले मुंडाखेड़ा खुर्द गांव के प्रदीप कुमार ने तहसील अफसरों से अपने खेत की पैमाइश कराने की मांग की थी। भूमि की पैमाइश करने के लिए चकबंदी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर गई थी।
बताया जाता है शुक्रवार को संयुक्त टीम ने गांव में पहुंचकर भूमि की पैमाइश का कार्य शुरू किया। इसी बीच दूसरे पक्ष के बीच ग्रामीण वहां पहुंच गए तथा भूमि की पैमाइश करने का विरोध किया। बताया जाता है कि इस बीच उन्होंने टीम के साथ जमकर कहासुनी की।
कर्मचारियों ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई
इतना ही नहीं टीम सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की भी की। इस पर भी टीम ने पैमाइश का काम नहीं रोका तो विरोध करने वालों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इससे टीम के लोग बाल-बाल बच गए। टीम में शामिल कर्मचारियों ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई।
संयुक्त टीम ने लक्सर तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम को घटना की जानकारी दी। इस पर एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। कोतवाल अमर चंद शर्मा ने बताया की तहरीर के आधार पर मुंडाखेड़ा खुर्द गांव निवासी जरनैल सिंह पुत्र नामालूम के खिलाफ टीम पर हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
संयुक्त टीम में ये थे शामिल
राजस्व निरीक्षक मंगू सिंह, जय वीर सिंह, मुकेश कुमार, शफीक अहमद, सुलेमान, नरेंद्र पाल आदि।