उत्तराखंड: खतरे से खाली नहीं अगले 48 घंटे, इन छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 और 25 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार छह जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 25 अगस्त तक प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
विशेषकर राजधानी देहरादून, हरिद्वार पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, शासन ने बुधवार को ही सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दे दिए थे। आपदा परिचालन केंद्र ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही रोकने, रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य का संचालन बंद करने और एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा बंद सड़कों को खोलने के लिए लोनिवि, सीपीडब्ल्यूडी, बीआरओ और पीएमजीएसवाई समेत अन्य एजेंसियों को भी तैयार रहने को कहा गया है।
हल्द्वानी शहर में बृहस्पतिवार सुबह झमाझम बारिश हुई। इसके चलते हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य एक डिग्री अधिक रहा।
मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.7 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।