उत्तराखंड: पिथौरागढ़-घाट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कैंटर पर गिरा मलबा, चालक-क्लीनर की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिथौरागढ़-घाट एनएच पर गुरना के समीप पहाड़ी का मलबा कैंटर के ऊपर गिर गया। इस हादसे में कैंटर चालक और क्लीनर की मौत हो गई। सोमवार शाम 5.30 बजे कैंटर (यूके 05सीए1713) पिथौरागढ़ से घाट की ओर जा रहा था।
जैसे ही कैंटर गुरना मंदिर के समीप पहुंचा पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर उस पर गिर गया। कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में दब गया, जबकि कैंटर की बॉडी टूटकर खाई की ओर लटक गई।हादसे में कैंटर से चालक सूखीढांग निवासी नवीन कुमार (25) और क्लीनर सूरज कुमार (20) की मौत हो गई।
तीन घंटे लगे कैंटर से मलबा हटाने में
गुरना में मलबे में दबे कैंटर से तीन घंटे की मशक्कत के बाद चालक और क्लीनर के शव निकाले गए। हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला, एंचोली चौकी इंचार्ज एसआई मोहन बोरा, घाट चौकी प्रभारी एसआई प्रियांशु जोशी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पोकलैंड और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ।
लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाया जा सका और चालक नवीन कुमार और क्लीनर सूरज कुमार के शव निकाले जा सके। दोनों के शवों को निकालकर मोर्चरी में रखा गया है। मंगलवार को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हाईवे पर डंपर ने युवक को रौंदा, मौत
बाजपुर में दोस्त की शादी में आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सोमवार को यूपी के सब्जी मंडी स्वार (रामपुर) निवासी अर्जुन सैनी (21) अपने दोस्त की शादी में बाजपुर के गांव महेशपुरा में आया था। बरात चढ़त होने के बाद अर्जुन सैनी हाईवे पर सड़क पार कर रहा था। इसी बीच काशीपुर की ओर से आ रहे एक डंपर ने उसे रौंद दिया। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से शादी समारोह की खुशियां शोक में तब्दील हो गईं।
सूचना पर दोराहा पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कोरंगा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के परिजनों को सूचना दी। इधर, ग्रामीणों के पीछा करने पर चालक डंपर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि चालक डंपर को तेज गति से चला रहा था। घटना से पहले एक बाइक सवार भी डंपर की चपेट में आने से बाल-बाल बचा था।
मौसेरे भाई की शादी से लौट रहे सेना के हवलदार की हादसे में मौत
नैनीताल में मौसी के बेटे की शादी से स्कूटी से लौट रहे हवलदार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दोनों बेटियां घायल हो गईं। हादसे में घायल बेटियों का काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। काशीपुर में पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को हवलदार का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मूलरूप से पौड़ी गढ़वाल के धूमाकोट तहसील के डुडेरा गांव निवासी देवेंद्र सिंह रावत (40) पुत्र बचे सिंह का परिवार छह साल से पीरूमदारा के भवानीपुर खुल्बे में रहा है। देवेंद्र भारतीय सेना में बंगाल इंजीनियर ग्रुप की 59 यूनिट जबलपुर में हवलदार पद पर तैनात थे। 11 अक्तूबर को वह छुट्टी पर घर आए थे और चार नवंबर को जबलपुर जाना था। रविवार को नया झिरना में उनकी मौसी के लड़के की शादी थी।
विवाह समारोह में वह 13 वर्षीय बेटी निहारिका और 12 वर्षीय रितिका के साथ शामिल होने गए थे। पत्नी रीना रावत और बेटा आयुष (5) घर ही थे। रात करीब पौने 11 बजे शादी से लौटते समय हिम्मतपुर चौराहे पर उनकी स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बेटियां छिटककर सड़क किनारे गिर गईं, जबकि वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से पिता-बेटियों को काशीपुर अस्पताल भिजवाया। काशीपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटियों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। काशीपुर में फौजी के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद शव को पीरूमदारा लाया गया और रामनगर श्मशान घाट में परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया। पीरूमदारा चौकी प्रभारी कवींद्र शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। वाहन की तलाश की जा रही है।