फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand Tehri news: Chief Minister Pushkar Singh Dhami will inaugurate and lay foundation stones of many projects today

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अल्मोड़ा और टिहरी में, किया कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Fri, 17 Dec 2021 08:24 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal संवाद न्यूज एजेंसी, टिहरी
संवाद न्यूज एजेंसी, टिहरी Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Fri, 17 Dec 2021 08:24 PM IST
सार

नागराजा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

विज्ञापन
Uttarakhand Tehri news: Chief Minister Pushkar Singh Dhami will inaugurate and lay foundation stones of many projects today
सीएम पुष्कर सिंह धामी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पलायन रोकने और आजीविका संवर्द्धन के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से हवालबाग ब्लॉक में आयोजित दो दिनी आजीविका महोत्सव का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 49.19 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 

विज्ञापन


सीएम ने कहा कि  उत्तराखंड के विकास की नींव रखने के लिए दस साल का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं ताकि आने वाले दस सालों में उत्तराखंड देश का नंबर वन राज्य बन सके। शुक्रवार दोपहर 12.40 मिनट पर सीएम धामी हवालबाग ब्लॉक पहुंचे। सबसे पहले धामी ने यहां रुरल बिजनेस इंक्यूबेटर सेंटर का शुभारंभ किया। इसके बाद वह आजीविका महोत्सव कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां सबसे पहले धामी ने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का अवलोकन कर लोगों से बात की।
विज्ञापन


रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर सेंटर स्थापित किया
मंच से अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि अल्मोड़ा और पौड़ी में रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर सेंटर स्थापित किया गया है। इससे पलायन रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका की मजबूती और स्वरोजगार योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश में स्वरोजगार से जुड़े हर व्यक्ति को इसमें सहभागी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना आने वाले समय में पर्यटन व आर्थिकी का मुख्य आधार बनेगा। इस योजना के तहत प्रदेश में 3600 होम स्टे पंजीकृत हैं, जिनसे आठ हजार लोगों को रोजगार मिला है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनका यह भी कहना था कि इस तरह के महोत्सव सिर्फ औपचारिक न रह जाएं, इसके लिए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनता सभी को मिलकर कार्य करना होगा। प्रदेश के सभी शहरों को हेलीपैड से जोड़ने का प्रयास भी सरकार कर रही है। इस दौरान सीएम ने जिले की महान विभूतियों को भी याद किया। उनका कहना था कि टनकपुर- बागेश्वर रेल लाइन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं ताकि जल्द ही रेल लाइन का काम शुरू हो। विनसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने सभी का आभार जताया। डीएम वंदना सिंह ने महोत्सव की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति शाह मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, अध्यक्ष कैलाश गुरूरानी, महामंत्री महेश नयाल, ग्राम्य विकास अपर सचिव बीना जोशी, एसएसपी पंकज भट्ट, सीडीओ नवनीत पांडे आदि थे। 

अल्मोड़ा में पार्किंग के लिए 7.74 करोड़ मंजूर
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा में पार्किंग स्थल निर्माण के लिए 7.74 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है।  सीएम ने चितई पंत तिराहे से हरिदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज तक लिंक मार्ग, बसमांव-दरमाण मोटर मार्ग निर्माण, कोसी दौलाघट मोटर मार्ग से धौलीगाड़-पंचगाव-स्यूरा लिंक मोटर मार्ग, अल्मोड़ा में 50 बेड का आयुष सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना, प्रसार प्रशिक्षण केंद्र में एक्जीक्यूटिव हॉस्टल का निर्माण और प्रसार, रुरल बिजनेस इंक्यूबेटर (द्वितीय चरण) के विस्तारीकरण की घोषणा भी की। 

इन विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास 
आजीविका महोत्सव कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राइंका पेटशाल, राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया में प्रयोगशाला के निर्माण, डायट अल्मोड़ा में प्रशिक्षण हॉल के  निर्माण, सड़क एवं गैराज के निर्माण कार्य, विकास भवन परिसर में कैंटीन, डॉयट अल्मोड़ा में प्राचार्य आवास के निर्माण, राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र हवालबाग के सुदृढ़ीकरण कार्य, अल्मोड़ा के टैक्सी स्टेंड में बहुमंजिली पार्किंग के निर्माण, केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत निर्माण खंड अल्मोड़ा के विभिन्न मोटर मार्गों में दुर्घटना संभावित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य, राइंका सत्यों, कनरा, बाराकूना में प्रयोगशाला के निर्माण, राइंका भनोली में कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय व दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य, कपकोट ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना, भागादेवली ग्राम समूह (पंपिंग) योजना, गैराड़ ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 

27 स्वयं सहायता समूहों को दिए चेक
आजीविका महोत्सव में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 27 स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक वितरित किए। महोत्सव में उद्यान विभाग ने यूरोपियन सब्जी की खेती, पर्यटन विभाग ने होम स्टे योजना, पशुपालन विभाग ने व्यावसायिक मुर्गी पालन, उद्योग विभाग ने मार्केटिंग एवं पैकेजिंग, एनआरएलएम और आजीविका ने वैल्यू चैन, कृषि विभाग ने वृक्ष, आयुर्वेद और कृषि पर आधारित कार्यशालाएं आयोजित कीं। इस दौरान माउंटेन बाइक रैली को भी सीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल 30 प्रतिभागी अल्मोड़ा से रानीखेत तक यात्रा करेंगे। आजीविका महोत्सव में चार मुख्य बैंकों ने 286 आवेदकों को शासकीय योजनाओं के तहत 6.18 करोड़ रुपये का ऋण भी बांटा। डीएम वंदना सिंह ने बताया कि महोत्सव में करीब 1500 से अधिक महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत प्रशिक्षण व अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका दिया जा रहा हैं। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों में क्रेता-विक्रेता सत्रों का आयोजन भी किया जा रहा है जिससे यहां बनने वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध हो सके। 

राजस्थान की भुट्टे खान एंड पार्टी ने बांधा समा
आजीविका महोत्सव में राजस्थान, बाड़मेर की भुट्टे खान एंड पार्टी को भी आमंत्रित किया गया था। जिन्होंने महोत्सव में राजस्थान के लोकगीत, पारंपरिक गीत, लोक नृत्य, चरी नृत्य और कालबेलिया की प्रस्तुति दी। टीम के भुंगर खान ने बताया कि उनकी पार्टी अब तक 40 से अधिक देशों में अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुति दे चुकी है। उन्हें संगीत नाटक अकादमी से अवार्ड भी मिला है। और 2020 में वर्ल्ड गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में भी संगीत के लिए उनका नाम दर्ज है। उनकी सात पुश्तें गीत- संगीत की प्रस्तुति देती आई हैं। अपने संबोधन में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उनका कहना था कि देश में 70 साल से एक पार्टी एक परिवार ने शासन किया और इस दौर में देश को कई समझौतों से गुजरना पड़ा। देश में कारगिल से पहले जितने भी युद्ध हुए उनमें सेना युद्ध के मैदान में जीती लेकिन समझौते की मेज पर उन्हें हरा दिया गया। आज पीएम मोदी के प्रयास से सेना के जवानों को संसाधनों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता। 

सीएम ने किया सैनिकों का यशगान
आजीविका महोत्सव में सीएम धामी ने देश की वीर सैनिकों का यशगान किया। उनका कहना था कि सैनिक देश का गौरव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सैनिकों के सम्मान के लिए सबसे पहले पहल करते हैं। अब देश में वह स्थिति नहीं है कि सैनिक को बॉर्डर पर गोली चलाने के लिए पूछना पड़ता है। अब दुश्मन की हर गोली का जवाब सीधा गोली से दिया जाता है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत की सेना को इतना समर्थ और मजबूत बना दिया है। चुनावी माहौल में हर पार्टी के नेता विकास और समस्याओं की बात करने के साथ ही अपने संबोधन में जनता से वोट अपील भी करते हैं लेकिन शुक्रवार को सीएम धामी ने अपने पूरे संबोधन में सिर्फ विकास और भविष्य के उत्तराखंड की बात की। उनके पूरे संबोधन में जनता से कहीं भी वोट की अपील नजर नहीं आई।

चुनाव नजदीक आते ही सेना का गुणगान कर रहे लोग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रभक्तों का प्रदेश है। कुछ लोग चुनाव नजदीक आते ही सेना का गुणगान कर रहे हैं, जबकि सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के समय वह लोग सेना से सबूत मांग रहे थे। उत्तराखंड की जनता ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त हाथों में है। आज सेना को सीमा पार से गोली का जवाब देने के लिए ऑर्डर की जरूरत नहीं होती है। पीएम ने सेना को खुली छूट दे रखी है, जिससे आज भारत सुरक्षित भी है। भाजपा सरकार देश में धार्मिक और संस्कृति का भी उत्थान कर विकास को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

शुक्रवार को सीएम धामी ने थौलधार ब्लाक मुख्यालय कंडीसौड़ पहुंचकर 1 अरब 41 करोड़ 37 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। ब्लाक मुख्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत 14 अन्य लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सीडीएस बिपिन रावत ने इस माह उनके साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होने का प्लान बनाया था, लेकिन विश्वास नहीं हो रहा है कि जनरल रावत अब हमारे बीच नहीं हैं। सीएम ने कहा कि कुछ लोग चुनाव आते ही सेना का गुणगान करने में जुट गए हैं। जनता को भ्रमित करने के लिए शहीदों की बड़ी-बड़ी होल्डिंग लगाकर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर रहे हैं, लेकिन जनता ऐसे चालबाजों को भलीभांति जानती है। पर्यावरण के नाम पर कुछ लोग राज्य के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने भी ऑल वेदर की चौड़ाई को जारी रखने का आदेश दे दिया है। इससे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह परियोजना जल्द पूरी होगी। 


सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने उत्तराखंड को अनेक सौगात दी हैं। उनमें केदारपुरी आज भव्य रूप से तैयार हो गई है। बद्रीनाथ धाम के लिए भी 250 करोड़ की योजना तैयार की गई है। कुछ दिनों पहले बनारस में मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में उन्होंने होम स्टे योजना का जो प्रस्तुतीकरण दिया था। होम स्टे के माध्यम से हजारों हाथों को रोजगार दिया जा सकता है। इस दिशा में कार्य कर ऋण और सब्सिडी देकर युवाओं को होम स्टे के लिए तैयार कर रहे हैं। अगले सप्ताह से प्रत्येक गांव में ओपन जिम लगाकर स्वस्थ युवा-स्वस्थ उत्तराखंड योजना शुरू की जा रही है। सरकार सीमित संसाधनों में हर वर्ग की समस्या हल कर रही है। क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने थौलधार क्षेत्र को केंद्रीय ओबीसी में शामिल करने, कंडीसौड़ ट्रॉमा सेंटर में स्टाफ की तैनाती, कमांद डिग्री कालेज में विज्ञान संकाय, उत्तरकाशी और टिहरी को जोड़ने के लिए झील के ऊपर छाम-बैल्डोगी  पुल की स्वीकृति देने की मांग की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed