जन आशीर्वाद रैली: सीएम धामी ने लगाई घोषणाओं की झड़ी, बोले- उत्तराखंड को बनाएंगे नंबर वन राज्य
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी पहली बार अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। वह यहां कई योजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री धामी के दौरे से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
‘उत्तराखंड को दस वर्षों में देश का पहला अग्रणी राज्य बनाएंगे।’ अल्मोड़ा के रैमजे मैदान से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह वादा प्रदेशवासियों से किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के सात साल के कार्यकाल में देश का अभूतपूर्व विकास हुआ है। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। 60 दिन में उनकी सरकार ने 150 फैसले लिए हैं। सभी घोषणाएं धरातल पर उतारेंगे। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित कलक्ट्रेट भवन का लोकार्पण करने सहित 299 करोड़ लागत की 102 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
जन आशीर्वाद रैली के रैमजे इंटर कॉलेज पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने मछोड़ उप तहसील को तहसील का दर्जा देने, अल्मोड़ा में एक बड़ा पार्किंग स्थल बनाने, अल्मोड़ा को रेल लाइन से जोड़ने का प्रयास करने, जागेश्वर श्रावणी मेले, पूर्व पर्वतीय विकास मंत्री रहे सोबन सिंह जीना के चार अगस्त को पैतृक गांव में होने वाले समारोह, द्वाराहाट के स्याल्दे बिखौती मेले और चनौदा शहीद दिवस समारोह को राज्य मेले का दर्जा देने समेत दर्जनों घोषणाएं कीं।
Uttarakhand Election: जन आशीर्वाद रैली में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, श्रीनगर को नगर निगम बनाने की घोषणा की
जल्द भरे जाएंगे रिक्त पद : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 22 से 24 हजार पदों पर नियुक्त प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पदों को जल्द भरा जाएगा। कोरोना काल के चलते सरकारी सेवा में अधिकतम आयु पार करने वालों के लिए एक साल बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ऐसे युवा जो संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में प्री परीक्षा पास करते है उन्हें तैयारी के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देगी। कोरोना के कारण आर्थिक नुकसान झेल रहे पर्यटन व्यवसाय और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ की धनराशि बतौर राहत पैकेज के रूप में जारी की गयी है। आजीविका क्षेत्र से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों समेत कलस्टर के आधार पर आजीविका चलाने वालों के लिए 119 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया है। कोविड से अपने माता-पिता खोने वाले बच्चों के भरण-पोषण वात्सल्य योजना के तहत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेलों में राष्ट्रीय एवं अन्तराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल नीति बनाई गई है।
भाजपा 2022 में फिर बनाएगी सरकार
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि कहा कि भाजपा के पक्ष में जनसैलाब उमड़ रहा है। भाजपा दोबारा 2022 में पुन: प्रदेश की सत्ता में काबिज होगी। राष्ट्रीय नेतृत्व ने सोच समझकर युवा नेता धामी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। रैमजे इंटर कॉलेज में हुई जनसभा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनियां के नंबर एक नेता बन गए हैं। मोदी के शासनकाल में पूरा देश सुरक्षित है। सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। भाजपा सरकार ईमानदारी, त्याग, समर्पण से काम करना संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की सुरक्षा के लिए लद्दाख में विश्व के सबसे ऊंचे स्थान पर 19,300 मीटर तक सड़क पहुंचाई गई है। वहीं देश के जहाज संसार में सबसे ऊंचाई पर उड़ रहे हैं। भारत माता की रक्षा के लिए माइनस 50 डिग्री में सेना के जवान तैनात हैं।
युवाओं का उत्साह से कौशिक गदगद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि रैली में अल्मोड़ा जन सैलाब उमड़ा है और भारी उत्साह है। कुमाऊं में इतना बड़ा उत्साह और जनसैलाब पहले कभी नहीं देखा। रैमजे इंटर कॉलेज में हुई जनसभा में उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद राज्य में चुनाव होने हैं। यह चुनाव सामान्य चुनाव से अलग हैं। विपक्षी दलों का एकमात्र एजेंडा है कि भाजपा को किस प्रकार चुनाव में हराएं, लेकिन जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में है। भाजपा जो वायदे करती है उसे पूरा करती है। प्रदेश और केंद्र में सत्ता में आकर भाजपा ने विकास को आगे बढ़ाया है। ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सरकार चलाई जा रही है। प्रदेश को पुष्कर धामी जैसा युवा नेतृत्व दिया है। पार्टी इस बार 60 से अधिक सीटें जीतेगी। बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं रखी।
जनसंघ के संस्थापकों को शॉल ओढाकर किया सम्मानित
सभा में जनसंघ के संस्थापक और वरिष्ठ नेता शिव सिंह राणा, बलवंत सिंह भाकुनी, गोविंद लाल साह, रणजीत सिंह भंडारी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य अतिथियों ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, जिलाध्यक्ष सुनील बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती आदि ने मुख्यमंत्री को तलवार भेंट की।
जन आशीर्वाद रैली का पुष्प वर्षा कर जगह-जगह हुआ स्वागत
जन आशीर्वाद रैली के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मालरोड और मुख्य बाजार में जगह-जगह तोरणद्वार बनाए थे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने रैली में शामिल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैनिबेट मंत्री रेखा आर्या आदि नेताओं पर पुष्पवर्षा भी की।
मालरोड में एंबुलेंस भी फंसती रही
मालरोड में भाजपा की जन आशीर्वाद रैली के दौरान एंबुलेंस भी फंसती रही। हालांकि इस दौरान पुलिस कर्मी और कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी सक्रिय रहे। एंबुलेंस के जाम में फंसने पर यह लोग मार्ग भी बनाते रहे। मुख्यमंत्री का काफिला जब मालरोड से रैमजे इंटर कालेज को जा रहा था। इस दौरान शिखर तिराहे पर विपरीत दिशा से आ रही थी। पुलिस ने सक्रियता दिखाई, साथ ही मुख्यमंत्री धामी और पार्टी नेताओं ने अपने रथ को सड़क के किनारे को करने को कहा, ताकि एंबुलेंस शीघ्रता से गंतव्य को जाए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में 55 से 60 साल एक पार्टी विशेषकर एक परिवार का शासन रहा है। इस पार्टी ने समझौते, तुष्टीकरण को बढ़ावा दिया। इस परिवार ने निजी, पार्टी और निजी लाभ के लिए कई समझौते किए। जिसका देश को कोई लाभ नहीं मिला।
‘सरकार का लक्ष्य हर समस्या का समाधान’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गत चार जुलाई को उन्हें प्रदेश के मुख्य सेवक की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश की समस्याओं से वह वाकिफ हैं। सरकार जो भी घोषणा कर रही है पूरी तरह धरातल पर उतारी जा रही हैं। सरकार नई कार्यपद्धति से कार्य कर रही है। हर समस्या का सरलीकरण करेंगे और चिंतन, मनन, मंथन कर समाधान निकालकर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस स्तर की समस्याएं होंगी उसका उसी स्तर पर अधिकारी कर्मचारी समाधान करें। इसके लिए जिम्मेदारी तय की गई है। सरकार का लक्ष्य है कि समस्या नोपेंडसी रहे।