उत्तराखंड: डीजीपी अशोक कुमार की वेबसाइट हैक, आपत्तिजनक सामग्री की अपलोड, केस दर्ज
- खाकी की छवि धूमिल करने पर मुकदमा
- साइबर क्राइम थाने में दर्ज किया गया अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
विस्तार
पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) के एक्सपायर हो चुके डोमेन आईडी के नाम से बनी वेबसाइट पर अश्लील सामग्री अपलोड करने के मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
उपनिरीक्षक राजीव सेमवाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज हुआ है। जिसमें कहा गया है कि अज्ञात शख्स द्वारा Human In Khaki के नाम से एक वेबसाइट http//www.humaninkhaki.com बनाकर उसमें अश्लील वीडियो अपलोड की गई। इस पर खाकी की छवि धूमिल करने के संबंध में आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जिसकी विवेचना इंस्पेक्टर पंकज पोखरियाल को सौंपी गई है।
वहीं, बताया गया कि पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) अशोक कुमार की कोई वेबसाइट हैक नहीं हुई थी। उनके द्वारा लिखित पुस्तक ह्यूमन इन खाकी को लेकर उन्होंने ह्यूमन इन खाकी डॉट कॉम नाम से एक डोमेन लिया था। डोमेन का नवीनीकरण न होने के कारण वह काफी समय पहले ही एक्सपायर हो गया था। इस डोमेन को किसी व्यक्ति ने खरीदा और वेबसाइट बनाकर उसमें आपत्तिजनक सामग्री डाली थी। उन्होंने इसे किसी की शरारत बताया है।
सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत की ट्वीटर पोस्ट से भी हुई थी छेड़छाड़
बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के ट्वीट से छेड़छाड़ का भी मामला सामने आया था। उनके ट्वीट में अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर किसी शख्स ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने व्यक्तिगत ट्वीटर एकाउंट से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को जन्म दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित करते एक ट्वीट किया था। किसी शरारती तत्व ने ट्वीट में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर पोस्ट एडिट की और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
इस पोस्ट को एडिट कर वायरल करके सीएम की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इस मामले में मुकदम भी दर्ज कराया था।